निष्क्रिय पदाधिकारियों पर चला युवा कांग्रेस का चाबूक, चारों लोकसभा कार्यकारिणियां भंग

Friday, Dec 28, 2018 - 11:05 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): हिमाचल युवा कांग्रेस के निष्क्रिय पदाधिकारियों पर संगठन का चाबुक चल पड़ा है। इसी कड़ी में प्रदेश युवा की चारों लोकसभा कार्यकारिणियां तत्काल प्रभाव से भंग कर दी गई हैं। केवल अध्यक्ष व उपाध्यक्ष अपने पद पर बने रहेंगे। भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश जगदेव गागा ने यह जानकारी दी है। सामने आया है कि कुछ प्रदेश पदाधिकारी बैठक में बार-बार बुलाने के बाद भी हाजिरी नहीं भर रहे हैं। ऐसे में उनको कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने का निर्णय लिया गया है। एक सप्ताह के भीतर ये नोटिस जारी कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही कई लोकसभा और विधानसभा कार्यकारिणी के पदाधिकारी भी संगठन की गतिविधियों में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। इसको देखते हुए संगठन ने स्पष्ट किया है कि जो विधानसभा अध्यक्ष संगठन की बैठकों और कार्यक्रमों में रु चि नहीं ले रहे हैं, उनके स्थान पर कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे।

युकां पदाधिकारियों में मचा हड़कंप

संगठन के इस कड़े रवैये से युकां पदाधिकारियों में हड़कंप मच गया है। मुख्यरूप से निष्क्रिय पदाधिकारियों को अपनी कुर्सी जाने का डर सताने लगा है। संगठन की इस कार्रवाई को सक्रिय पदाधिकारियों ने सराहा है। लोकसभा चुनाव को देखते हुए युवा कांगे्रस पदाधिकारियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार हो रहा है, ताकि निष्क्रिय चेहरों के स्थान पर सक्रिय नए युवा चेहरों को आगे लाया जाए।

नए चेहरों को मिलेगा मौका

युवा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का विस्तार एक सप्ताह के भीतर किया जाएगा। संगठन प्रयासरत है कि चुनाव से पहले एक मजबूत टीम प्रदेश, लोकसभा, विधानसभा व ब्लॉक स्तर पर तैयार की जाए। इसी कड़ी में निष्क्रिय पदाधिकारियों को संगठन से बाहर किए जाने की प्रकिया शुरू हो गई है। संगठन में नए चेहरों को आगे लाया जाएगा।

अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी : गागा

युवा कांगे्रस के प्रदेश प्रभारी जगदेव गागा ने स्पष्ट किया है कि संगठन में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में युवा कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि जो पदाधिकारी बुलाने के बावजूद बैठक में नहीं आ रहे हैं, उन्हें जल्द ही कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे।

Vijay