हिमाचल में 2 निजी स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, विद्यार्थियों की करवाई छुट्टी

punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 04:48 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के दो प्रतिष्ठित निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी और पुलिस को सूचित किया। जानकारी के अनुसार राजधानी के कालीबाड़ी के समीप स्थित दयानंद स्कूल और न्यू शिमला स्थित डीएवी स्कूल को ये धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। ई-मेल मिलते ही स्कूलों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

बम की अफवाह फैलते ही घबराए हुए सभी अभिभावक तुरंत अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने के लिए स्कूल पहुंच गए। एएसपी शिमला मेहर पंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कालीबाड़ी स्थित दयानंद स्कूल और न्यू शिमला स्थित डीएवी स्कूल को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मामले की पुष्टि होने के बाद, एहतियात के तौर पर स्कूलों में बच्चों की छुट्टी कर दी गई है। मौके पर बम स्क्वाड और पुलिस की टीमें मौजूद हैं तथा पूरे परिसर की गहनता से तलाशी ली जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay