इस खास मकसद के लिए CM जयराम से मिलेंगे बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम

Friday, Sep 06, 2019 - 03:17 PM (IST)

शिमला: बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए देवभूमि पहली पसंद बन गई है। शायद इसीलिए बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम भी हिमाचल में फिल्म स्टूडियो बनाने के इच्छुक है। जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी के साथ इस संबंध में विस्तृत चर्चा की। जानकारी के मुताबिक इस संबंध में वह सितंबर माह के अंत तक मुख्यमंत्री से दिल्ली में मुलाकात कर सकते है। बता दें कि अगर जयराम ठाकुर व जॉन की मुलाकात सफल रही तो हिमाचल में पहला फिल्म स्टूडियो बनेगा। जिससे देश के कलाकारों को फिल्मों में काम करने का मौका मिलने से लोक संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।

जॉन अब्राहम का एक कदम उठने के बाद दूसरी फिल्मी हस्तियां भी प्रदेश का रुख कर सकती हैं। उम्मीद है कि फिल्म स्टूडियो निर्माण का मामला सिरे चढ़ेगा और धर्मशाला में नवंबर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में जॉन अब्राहम भी शामिल होंगे। वहीं पृथ्वीराज कपूर से लेकर बलराज साहनी तक कई फिल्म स्टारों के लिए शिमला पसंदीदा स्थल रहा है। वहीं राजेश खन्ना, धर्मेंद्र, जितेंद्र, राजेंद्र कुमार जैसे फिल्म स्टार हिमाचल को पसंद करते थे। बताया जा रहा है कि जॉन अब्राहम को हिमाचल से बहुत लगाव है। क्योंकि धर्मशाला में उनका ससुराल है। प्रदेश को दोबारा फिल्मों की शूटिंग का स्थान बनाने के लिए सरकार फिल्म नीति लाई है।

kirti