केंद्र में लोकपाल के सचिव बने BK Agarwal, अब ये होंगे हिमाचल के नए मुख्य सचिव

Wednesday, Aug 21, 2019 - 10:50 PM (IST)

शिमला: वर्ष 1985 बैच के आईएएस अधिकारी एवं वर्तमान हिमाचल के मुख्य सचिव बीके अग्रवाल को केंद्र में लोकपाल का सचिव बनाया गया है। केंद्रीय कार्मिक विभाग की तरफ से उनको लोकपाल का सचिव बनाए जाने संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके चलते अब हिमाचल में नए मुख्य सचिव की ताजपोशी होगी। बताया जा रहा है कि 1985 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. श्रीकांत बाल्दी प्रदेश के नए मुख्य सचिव होंगे।

डॉ. श्रीकांत बाल्दी ही मुख्य सचिव पद के प्रबल दावेदार बताए जा रहे हैं क्योंकि बीके अग्रवाल के बाद वर्ष 1985 बैच में वह दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि हिमाचल प्रदेश काडर के कई आईएएस अधिकारी उनसे वरिष्ठ हैं लेकिन वे सभी प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं, ऐसे में उनको प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया जाना लगभग तय है। डॉ. श्रीकांत बाल्दी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ सरकार के करीबी भी हैं, जिसके चलते सरकार की तरफ से मुख्य सचिव के पद पर उनकी नियुक्ति जल्द किए जाने की संभावना है।

Vijay