नेता प्रतिपक्ष की दौड़ इस भाजपा नेता का नाम सबसे आगे, नए प्रदेशाध्यक्ष का भी जल्द होगा चयन

Thursday, Dec 15, 2022 - 10:51 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): भाजपा की तरफ से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं नए प्रदेशाध्यक्ष का चयन जल्द किया जाएगा। इस कड़ी के तहत अगले सप्ताह तक नेता प्रतिपक्ष का चयन किए जाने संभावना है, जिसके लिए दिल्ली से पार्टी की तरफ से पर्यवेक्षक को भेजा जाएगा। मौजूदा समय में नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती का नाम सबसे आगे चल रहा है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल है। नेता प्रतिपक्ष के बाद भाजपा की तरफ से नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन किया जाना है क्योंकि वर्तमान अध्यक्ष सुरेश कश्यप का कार्यकाल जनवरी के पहले सप्ताह में समाप्त हो रहा है। नए प्रदेशाध्यक्ष का चयन सांसद एवं विधायक के बीच से किए जाने की संभावना है। इसमें राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी एवं डाॅ. सिकंदर कुमार के अलावा विधायक रणधीर शर्मा, त्रिलोक जम्वाल और राकेश जम्वाल के नाम शामिल हैं। 

दोनों पदों के चयन से बिठाया जाएगा सियासी संतुलन 
नेता प्रतिपक्ष एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चयन से भाजपा सियासी संतुलन को बिठाने का प्रयास करेगी। प्रदेश में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री के निचले हिमाचल से चुने जाने के कारण भाजपा भी नेता प्रतिपक्ष का चयन इसी क्षेत्र से कर सकती है। इसके अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चयन जातीय संतुलन को ध्यान में रखकर किया जा सकता है। इसमें यदि पहले की तरह अनुसूचित जाति वर्ग से अध्यक्ष चुना जाता है तो डाॅ. सिकंदर कुमार को यह ओहदा सौंपा जा सकता है। डाॅ. सिकंदर कुमार के पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। इसके अलावा यदि भाजपा पहली बार किसी महिला को अध्यक्ष पद सौंपती है तो उसमें इंदु गोस्वामी का चयन किया जा सकता है। साथ ही संगठन में पहले से अहम दायित्व देख रहे विधायक रणधीर शर्मा, त्रिलोक जम्वाल और राकेश जम्वाल से भी अध्यक्ष को चुना जा सकता है। 

नए चेहरों को आगे कर चौंका सकती है भाजपा
भाजपा को नए प्रयोग करने के लिए भी जाना जाता है। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष पद पर नए चेहरों को आगे करके पार्टी चौंका सकती है। इसमें पार्टी ऐसे चेहरों को आगे कर सकती है, जिनमें पार्टी भविष्य की राजनीति देखती है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay