विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा इस दिन करेगी मंथन, पढ़ें खबर

Wednesday, Jul 19, 2017 - 01:56 AM (IST)

शिमला: विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा फिर से मंथन करेगी। इस कड़ी के तहत 28 जुलाई को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। बैठक का आयोजन पार्टी के प्रदेश कार्यालय दीपकमल में होगा। इसमें पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी व मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे, साथ ही 29 व 30 जुलाई को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आयोजन होटल पीटरहॉफ  में होगा। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार को बैठक का न्यौता भेजा गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के अनुसार प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 29 जुलाई को होगी व 30 जुलाई को दोपहर बाद समाप्त होगी। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, विधायक, सांसद, प्रदेश से राष्ट्रीय पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, पार्टी के जिलाध्यक्ष व जिला महामंत्री उपस्थित रहेंगे।  

विजन डॉक्यूमैंट वैबसाइट की होगी लांचिंग
भाजपा की तरफ से प्रदेश पदाधिकारी व प्रदेश कार्यसमिति बैठक के दौरान विजन डॉक्यूमैंट वैबसाइट लांङ्क्षचग का कार्यक्रम भी है। भाजपा विजन डॉक्यूमैंट के माध्यम से लोगों को यह बताएगी कि वह सत्ता में आने पर आगामी 5 साल क्या करने जा रही है।  

31 अगस्त तक चलेगा अभियान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा 23 जुलाई से 31 अगस्त तक मंडल स्तर पर जनसम्पर्क अभियान शुरू करेगी। पार्टी के इस जनसम्पर्क अभियान में विधायक व पूर्व विधायक, चुनाव लड़े प्रत्याशी व मंडल अध्यक्ष की देखरेख में इसका रूट चार्ट तैयार किया जाएगा। इस अभियान के तहत भाजपा नेता व कार्यकर्ता घरों, मोहल्लों और बस्ती में जाकर दस्तक देंगे।