चुनाव जीतने अब भाजपा बांटेगी शराब और पैसा : विक्रमादित्य

Monday, Oct 25, 2021 - 03:18 PM (IST)

मंडी : प्रदेश में होने वाले उप चुनावों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। उप चुनावों क सरगर्मी के बीच शिमला ग्रामीण से कांग्रेस के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने आशंका जताई है कि भाजपा चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में चुनाव जीतने के लिए शराब और पैसे बांटेगी। उन्होंने सोमवार को मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान यह आशंका जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा धनबल के दम पर चुनाव लड़ रही है जबकि कांग्रेस जनबल के दम पर। उन्होंने सीएम जयराम ठाकुर को चुनौती देते हुए कहा कि वो मंडी जिला में किए चार बड़े विकास कार्य गिनवा दें। जयराम ठाकुर प्रदेश के इकलौते मुख्यमंत्री हैं जो क्षेत्रवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मंडी यहां के निवासियों की है और उसमें पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता शामिल है। मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता प्रबुद्ध है और किसी के प्रलोभन या झांसे में नहीं आएगी। 

कांग्रेस भी भाजपा की इस हरकत पर पैनी नजर रखेगी। भाजपा के पास इन चुनावों में कोई मुद्दा नहीं है। लोग महंगाई से बुरी तरह से त्रस्त हैं और कोरोना के कारण जिन लोगों पर संकट आया है सरकार उनकी कोई मदद नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि लोगों ने गूंगी-बहरी सरकार के कान के पर्दे खोलने के लिए कांग्रेस को जिताने का मन बना लिया है।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मंडी संसदीय सीट को सीएम जयराम ठाकुर ने अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। यही कारण है कि उन्हें पंचायतों में जाकर चुनावी जनसभाएं करनी पड़ रही हैं। यदि विकास किया होता तो कभी लोगों के पास ऐसे वोट मांगने के लिए नहीं जाना पड़ता। 
 

Content Writer

prashant sharma