लोकसभा चुनावों को लेकर BJP से होगी आरपार की लड़ाई: रजनी पाटिल

Monday, Feb 25, 2019 - 01:23 PM (IST)

 शिमला(योगराज): प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बनने के बाद कुलदीप सिंह राठौर ने पहली आम सभा की मीटिंग बुलाई जिसमें कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी शामिल हुए। हालांकि यह पहला मौका है जब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कांग्रेस की आम सभा की मीटिंग में शामिल होने पहुंचे। इससे पहले जब कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुखु थे तो वीरभद्र सिंह कांग्रेस की मीटिंग से थोड़ी दूरी ही बना कर रखते थे। वहीं कांग्रेस की आम सभा में लोकसभा चुनावों को लेकर एजेंडा तैयार किया गया कि किन-किन मुद्दों को लेकर आगामी चुनाव में भाजपा को घेरना है और प्रदेश की चारों सीटों पर कब्जा करना है।

रजनी पाटिल ने कहा कि भाजपा चुनावों के वक्त कुछ न कुछ जुमलेबाजी जरूर करती है। इस तरह की जुमलेबाजी अब भी प्रदेश में शिलान्यास और उदघाटन करके फिर कर रही है। लेकिन प्रदेश की जनता सब जानती है इस बार भाजपा के जुमले नहीं चलने वाले हैं। मीटिंग में कांग्रेस के सभी संगठनों के प्रमुखों और कांग्रेस के तमाम नेताओं के साथ लोकसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की गई है। वहीं रजनी पाटिल ने कहा कि टिकटों को लेकर भी कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व जल्द फैसला लेगा।

उन्होंने कहा है कि 7 मार्च को कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की हिमाचल के कांगडा जिला में रैली होनी है उसको लेकर भी स्थान का चयन करने को लेकर चर्चा होगी। बैठक में कुलदीप सिंह राठौर को अध्यक्ष बनाये जाने पर राहुल गांधी को धन्यवाद प्रस्ताव भी पास किया गया।बैठक की शुरुआत पुलवाला में हमले में शिकार हुए जवानों के लिए 2 मिनट का मौन रख कर हुई।

kirti