सिरमौर जिला परिषद पर BJP का कब्जा, डॉ. बिंदल ने कांग्रेस को लेकर कही ये बड़ी बात
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 02:44 PM (IST)
नाहन (आशु): सिरमौर जिला परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम कर लिया है। शिवानी के जिला परिषद अध्यक्ष और बलदेव भंडारी के उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि जिला परिषद अध्यक्ष शिवानी और उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी सिरमौर जिले के समग्र विकास, ग्रामीण क्षेत्रों के सशक्तिकरण और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा विकास, सेवा और जनहित की राजनीति में विश्वास रखती है।
कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों और कुशासन से पूरी तरह निराश है जनता
इस मौके पर डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिला परिषद में जनता ने भाजपा पर जो भरोसा जताया है, वह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों और कुशासन से पूरी तरह निराश हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में प्रदेश भारी आर्थिक संकट, बढ़ते कर्ज, बेरोजगारी, विकास की धीमी गति और प्रशासनिक अव्यवस्था के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने चुनावों के समय महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों और किसानों को जो गारंटियां दी थीं, वे आज भी हवा-हवाई साबित हुई हैं। जनता का कांग्रेस से पूरी तरह मोहभंग हो चुका है और वह भाजपा को एक मजबूत और भरोसेमंद विकल्प के रूप में देख रही है।
मोदी सरकार की नीतियां हिट, प्रदेश सरकार पूरी तरह फ्लॉप
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है, लेकिन हिमाचल की कांग्रेस सरकार इन योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने में भी पूरी तरह विफल रही है। यही कारण है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा पर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
कांग्रेस सरकार की विदाई का समय निकट
डॉ. राजीव बिंदल ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि सिरमौर जिला परिषद में मिली यह प्रचंड जीत कोई साधारण घटना नहीं है, बल्कि यह इस बात का स्पष्ट संदेश है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विदाई का समय अब निकट आ गया है। इस जीत ने प्रदेश में भविष्य की भाजपा सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

