रणधीर शर्मा ने कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ अभियान’ पर साधा निशाना, जानिए क्या बोले

Sunday, Dec 29, 2019 - 07:00 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल प्रदेश बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान को संविधान नहीं कांग्रेस बचाओ अभियान करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर भाजपा नेताओं पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। उनका भाजपा पर यह आरोप कि भाजपा नेताओं ने आजादी के समय देश के खिलाफ काम किया जोकि सरासर निराधार है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की स्थापना 1980 में हुई थी जबकि देश को आजादी 1947 में मिल गई थी। आजादी हासिल करने में जनसंघ के लोगों की अहम भूमिका रही, यह बात कांग्रेस पार्टी से प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने खुद कही थी।

रणधीर शर्मा ने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा सीएए और एनआरसी जैसे देश हित में लिए गए निर्णयों को जिस गलत भावना से कांग्रेस और दूसरी पार्टियां प्रचारित कर रही हैं वो इनकी हताशा का परिणाम है। नागरिकता संशोधन कानून के प्रावधानों के मुताबिक देश के किसी भी नागरिक की नागरिकता लेने का जिक्र ही नहीं है, बावजूद इसका दुष्प्रचार करने में कांग्रेस लगी हुई है।

कांग्रेस संविधान बचाने नहीं बल्कि कांग्रेस के अस्तित्व को बचाने में लगी है लेकिन देश और प्रदेश की जनता जानती है कि कांग्रेस ने देश का कितना नुक्सान किया है। भाजपा इनके षड्यंत्र को बेनकाब करेगी जिसके लिए बीजेपी देश भर में जनजागरण अभियान शुरू कर रही है। हिमाचल प्रदेश में भी 1 से 15 जनवरी तक अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत प्रदेश में 90 संगोष्ठी और 17 जिला मुख्यालयों में रैली का आयोजन होगा।

Vijay