कोरोना काल में कांग्रेस ने नहीं किया दो पैसे का काम, सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी की : सुरेश कश्यप

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2020 - 07:23 PM (IST)

शिमला (योगराज): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कांग्रेस पार्टी की ओर से भाजपा के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर कड़ा निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस को जवाब देते हुए कहा कि जिस राजनीतिक दल ने कोरोना काल के समय दो पैसे का काम नहीं किया वह आज भाजपा को कोरोना फैलाने का जिम्मेदार ठहरा रही है। उन्होंने कहा कि यह एक वैश्विक महामारी है और यह राजनीतिक दल का नाम पूछ कर नहीं आती, यह किसी को भी हो सकती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोविड-19 संकट काल के दौरान दिखा दिया कि केवल यह पार्टी राजनीतिक दल ही नहीं बल्कि एक सामाजिक संगठन भी है और पार्टी के हर कार्यकर्ता ने इस संकट के समय समाज के लिए बढ़-चढ़कर काम किया। लाखों लोगों को भोजन के पैकेट उपलब्ध करवाए, घर-घर मोदी राशन किट पहुंचाई और बड़ी संख्या में महिला मोर्चा द्वारा बनाए गए फेस कवर का वितरण भी किया। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस पार्टी ने इसमें से कोई काम किया? कांग्रेस पार्टी ने केवल अपने कार्यालय में बैठकर राजनीतिक बयानबाजी की, इसके अलावा कोई काम नहीं किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के विधायक मोहनलाल ब्राक्टा और कांग्रेसी नेता लखविंदर राणा और कई कांग्रेस नेता भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस के नेता कोविड-19 के टैस्ट कराने में भी कतरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता केवल भाजपा और प्रदेश सरकार की छवि खराब करने का कार्य कर रहे हैं पर आंकड़ों पर गौर नहीं कर रहे हैं। आज हिमाचल प्रदेश का रिकवरी रेट 80 प्रतिशत से ज्यादा है। प्रदेश में केवल 16300 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसमें से 13000 से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं, साथ ही प्रदेश की मृत्यु दर 1 प्रतिशत से भी कम है जोकि पूरे भारतवर्ष में बाकी राज्यों के मुकाबले बहुत कम है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को शायद कांग्रेस शासित प्रदेश नहीं दिखते हैं। जैसे पंजाब जहां पर मृत्यु दर 3 प्रतिशत से भी ज्यादा है और आज तक वहां 120000 लोग संक्रमित हो गए हैं। उनमें से 3679 लोगों की मृत्यु हो गई है। इसी प्रकार महाराष्ट्र में 14 लाख से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं और मृत्यु दर 3 प्रतिशत से ज्यादा है। इस दृष्टि से हिमाचल प्रदेश आज भी इस संकट काल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बेहतर काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि जब यह महामारी शुरू हुई थी तब हिमाचल प्रदेश के पास केवल 60 वैंटिलेटर थे और आज हिमाचल प्रदेश के पास 640 वैंटिलेटर है। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि पहले जयराम सरकार और केंद्र सरकार दोनों के अच्छे कार्यों को ध्यान से पढ़ें और फिर बयानबाजी करें केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश न करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News