CM सुक्खू और उनकी कैबिनेट की मित्र मडंली भी अपने क्षेत्रों से नहीं दिलवा पाई लीड : राजीव बिंदल

punjabkesari.in Wednesday, Jun 05, 2024 - 12:58 PM (IST)

नाहन (आशु): लोकसभा चुनाव में हिमाचल की चारों सीटों पर भगवा लहराने के बाद से बीजेपी गद्गद् है। इसी बीच चुनावी परिणाम के बाद अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र नाहन पहुंचे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बड़ा करारा जुबानी हमला बोला है। मीडिया से बात करते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल की चारों सीटों पर भाजपा की जीत पर पार्टी शीर्ष नेतृत्व और मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करिश्माई जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्र में से 61 विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को बढ़त मिली है। यही नहीं, मुख्यमंत्री सहित 12 मंत्रियों में से 10 मंत्री भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से लीड नहीं दिलवा पाए। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी अपने विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को लीड नहीं दिलवा पाए और भाजपा यहां से भी 2000 से अधिक मतों से चुनाव जीती है। 

बिंदल ने कहा कि कांग्रेस व मुख्यमंत्री ने 6 सीपीएस अनधिकृत तरीके से बनाए हैं, उनमें से 5 सीपीएस भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस को बढ़त नहीं दिलवा पाए। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष दोनों ही अपने क्षेत्रों में बीजेपी से पीछे रहे है। इतना ही नहीं, दर्जनों के हिसाब से बोर्डो व निगमों के चेयरमैन आदि आदि केबिनेट रेंक की मित्रों की टोली भी अपने अपने क्षेत्रों में चुनाव हारे है। बिंदल ने कहा कि भाजपा ने इस लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में 57 प्रतिशत वोट हासिल किए हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी को 42 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि 15 प्रतिशत वोट का जो यह अंतर है, वह यह साबित करता है कि प्रदेश की जनता ने वर्तमान कांग्रेस सरकार को पूरी तरह से नकार दिया है। 2022 में कांग्रेस की सरकार 0.9 प्रतिशत के अंतर के साथ सत्ता में आई थी। यह चुनाव प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनमत है, जो मुख्यमंत्री सहित कांग्रेस को स्वीकार करना होगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News