10 गारंटियां फेल होने के बाद निगम चुनाव में गारंटी देने से पीछे हटी कांग्रेस : राजीव बिंदल

Wednesday, Apr 26, 2023 - 09:15 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से दी गई 10 गारंटियां फेल हो गई हैं। इसी कारण नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी गारंटियां देने से पीछे हटी है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी ने गारंटी देने की बजाय इरादे व वायदे किए हैं। डाॅ. राजीव बिंदल यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस घोषणा पत्र को महज छलावा बताया, साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम शिमला के चुनाव पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप के नेतृत्व में ही लड़े जाएंगे तथा उनकी भूमिका 7 वार्डों तक सीमित रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है, जिसके लिए अभी से पार्टी रणनीति तैयार करने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में विस्तृत विचार-विमर्श करने के बाद ही संगठनात्मक स्तर पर फेरबदल किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा और सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा भी उपस्थित थे।

भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं, शांता-धूमल-जयराम सभी एकजुट
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी नेता शांता कुमार, प्रो. प्रेम कुमार धूमल और जयराम ठाकुर एकजुट हैं। इसी तरह केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर शुक्रवार को शिमला नगर निगम के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

25 वर्ष में एक सुरंग तक नहीं बना पाई कांग्रेस
डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि 25 वर्ष में नगर निगम शिमला की सत्ता में रहने के बाद कांग्रेस पार्टी एक सुरंग तक नहीं बना पाई। इसके विपरीत भाजपा ने नगर निगम में अपने पिछले 5 वर्ष के कार्यकाल में 53 करोड़ रुपए की लागत से एक सुरंग का निर्माण करके दिखाया। इसके अलावा स्मार्ट सिटी के अंतर्गत 6500 करोड़ रुपए उपलब्ध करवाए। इसमें शिमला शहर के लिए 1813 करोड़ रुपए की नई पेयजल योजना तथा 1516 करोड़ रुपए की पर्वतमाला योजना भी केंद्र सरकार की शिमला शहर को एक बड़ी सौगात है। 

चुनाव में सुरेश भारद्वाज की सर्वोपरि भूमिका
डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि नगर निगम चुनाव में सुरेश भारद्वाज की सर्वोपरि भूमिका है। उन्होंने कहा कि वह सभी वार्डों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं तथा सुखराम चौधरी को प्रभारी बनाया गया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


 

Content Writer

Vijay