नरेश चौहान बोले-भाजपा ने निगम-बोर्ड के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की ताजपोशी में बिताया एक साल

Tuesday, Dec 25, 2018 - 04:40 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश): कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की चैलचौक में बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विभाग के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने की। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव 2019 के लिए सभी कार्यकर्ता कमर कस लें और डोर-टू-डोर जाकर लोगों को प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की गलत नीतियों के बारे में अवगत करवाएं और कांग्रेस कार्यकाल में हुए विकास कार्यों पर चर्चा करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, जोकि भाजपा सरकार ने अपने मंत्री, विधायक और विभिन्न निगम बोर्ड के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की ताजपोशी में ही बिता दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा सरकार प्रदेश में कोई नया बदलाव नहीं ला पाई है। बदलाव किया है तो मात्र अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने का।

जनमंच कार्यक्रम बना भाजपा का मंच

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का जनमंच कार्यक्रम मात्र भाजपा मंच बन कर रह गया है। इसमें सरकारी तंत्र का पूरी तरह से दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपना एक साल का कार्यकाल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के कार्यों को अमलीजामा पहनाने में ही बिता दिया है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत हुए कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन करने में लगे हुए हैं और जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा का असली चेहरा पहचान चुकी है,जिसका जवाब आने वाले लोकसभा चुनावों में देगी।

अधिकारियों को धमका रहे नाचन के विधायक

उन्होंने कहा कि नाचन के विधायक भी अधिकारियों को डराने-धमकाने के सिवाय कुछ नहीं कर पाए हैं और उलटा दबाव बनाकर राजनीति कर रहे हैं। इस अवसर पर चुन्नी लाल, देवी राम, लाला राम, सुखराम, तुषार, राजकुमार, सुनील, यदुपति, कर्म सिंह व कृष्ण लाल समेत अन्य बूथ स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Vijay