BJP 17 सितम्बर से 7 अक्तूबर तक चलाएगी सेवा और समर्पण अभियान, जेपी नड्डा करेंगे मॉनीटरिंग : सुरेश कश्यप

Sunday, Sep 12, 2021 - 10:16 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल भाजपा के सेवा और समर्पण अभियान को लेकर प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में रविवार को वर्चुअल माध्यम से बैठक की गई। सुरेश कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर भाजपा 17 सितम्बर से 7 अक्तूबर तक सेवा और समर्पण अभियान चलाएगी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बूथ स्तर पर भाजपा सेवा कार्य करने जा रही है। इन कार्यक्रमों के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 21 दिन तक यह सब सेवा कार्य चलने वाले हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 17 सितम्बर को महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद और युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमित ठाकुर की देखरेख में रक्तदान शिविरों का आयोजन एवं अस्पतालों में फल वितरण कार्यक्रम होंगे।

25 सितम्बर को भाजपा के संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह और धनेश्वरी ठाकुर की देखरेख में 7792 बूथों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा और उनकी जीवनी पर संगोष्ठी एवं उनको पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 2 अक्तूबर को प्रदेश सचिव बिहारी लाल शर्मा एवं किसान मोर्चा के अध्यक्ष राकेश बबली की देखरेख में स्वच्छता अभियान के कार्यक्रम बूथ पर किए जाएंगे। खादी को बढ़ावा देते हुए खादी का बढ़-चढ़कर उपयोग किया जाएगा। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा व सह मीडिया प्रभारी सुमित शर्मा इन कार्यक्रमों से संबंधित प्रचार-प्रसार का काम देखेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा स्वयं इन सभी सेवा कार्यों की मॉनीटरिंग करेंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay