BJP का एक साल का कार्यकाल हिमाचल के इतिहास का सबसे सुनहरा शासनकाल : राकेश जम्वाल

Tuesday, Dec 25, 2018 - 06:05 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश): जिला भाजपा सुंदरनगर के अध्यक्ष एवं विधायक राकेश जम्वाल ने प्रदेश सरकार के एक साल के शासनकाल को हिमाचल के इतिहास का सबसे सुनहरा शासनकाल करार दिया है। उन्होंने कहा कि महज एक साल के शासनकाल में ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से 9,000 करोड़ से अधिक की योजनाएं मंजूर करवाई हैं जो हिमाचल प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलिब्ध है। इसके कारण हिमाचल प्रदेश विकास के नए पथ की ओर अग्रसर हुआ है।

मोदी का आना हिमाचल के लिए गौरव की बात

उन्होंने कहा कि 27 दिसम्बर को धर्मशाला के पुलिस मैदान में होने वाली प्रदेश सरकार की आभार रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने पहुंच रहे हैं। यह हिमाचल जैसे छोटे से राज्य के लिए गौरव की बात है कि पहले प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के शपथ ग्रहण में विशेष रूप से शिरकत करने पहुंचे थे और अब सरकार के एक साल पूरा होने पर मनाए जाने वाले उत्सव में दोबारा हिमाचल प्रदेश आ रहे हैं जो मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री  के साथ नजदिकियों और प्रधानमंत्री के हिमाचल प्रेम को दर्शाता है।

सी.एम. जयराम के नेतृत्व में हुआ राजनीति के नए युग का सूत्रपात

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल में राजनीति के नए युग का जहां सूत्रपात हुआ है, वहीं प्रदेश सरकार की नई योजनाओं से समाज के हर वर्ग का कल्याण भी सुनिश्चित हुआ है। भाजपा की केंद्र सरकार के साढ़े 4 वर्ष व प्रदेश सरकार के एक साल के शासन में जो विकास हुआ है उसके दम पर हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर एक बार फिर से जीत हासिल कर केंद्र में भाजपा सरकार बनाने में प्रदेश अपना योगदान देगा।

सुंदरनगर विस क्षेत्र के लिए 50 करोड़ से अधिक की योजनाएं मंजूर

उन्होंने बताया सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से 50 करोड़ से अधिक की योजनाएं मंजूर हुई हंै, जिन पर अमल होना भी आरंभ हो गया है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला रैली में सुंदरनगर से करीब 1,000 कार्यकर्ता शिरकत करेंगे।

Vijay