BJP ने शिमला में किया Road Show, Congress पर बोला हमला

Thursday, Apr 25, 2019 - 07:34 PM (IST)

शिमला (योगराज): शिमला लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के नामांकन के बाद भाजपा ने चौड़ा तक रोड शो निकाला और एक जनसभा का आयोजन किया। जनसभा में भाजपा नेताओं पर जमकर कांग्रेस पार्टी की आलोचना की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सत्ती का बचाव करते हुए कहा कि भाषा की मर्यादाओं का सभी नेताओं को संयम रखना चाहिए। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जो प्रधानमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं वे देश के प्रधानमंत्री को चोर कह रहे हैं। यही वजह है कि भाजपा नेता भी गुस्से में इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं लेकिन सभी को इस तरह की भाषा से बचना चाहिए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि पूरे देश में मोदी की लहर चल रही है और हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। सुरेश चंदेल की किस नेता से क्या नाराजगी है इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। यह उनका व्यक्तिगत मामला है।

शांता ने राहुल गांधी पर कसा तंज

वहीं जनसभा में वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और राहुल गांधी पर तंज करते हुए कहा कि उनके घोषणा पत्र में न्याय की बात और वायदा है लेकिन चार पीढिय़ां चुनाव में रहीं तब क्यों न्याय नहीं किया। जयराम ने एक साल में बेमिसाल काम किया है। राष्ट्रवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि श्रीराम ने भी अपनी मिट्टी के लिए सोने की लंका का त्याग किया था, आज हमें भी ये जज्बा जिंदा रखना है। हमें राष्ट्रवाद को सभी मे विकसित करना है। देश को भगौड़ों के लिए धर्मशाला नहीं बनाना है, कांग्रेस ने देश को लावारिश धर्मशाला बना कर रख दिया है। इससे देश के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है।

जीत का नहीं देश की अस्मिता का सवाल

उन्होंने कहा कि बंदलादेशी शरणार्थी अब देश के भीतर घुसपैठ नहीं कर पाएंगे। कश्मीर में धारा 370 भाजपा के घोषणा पत्र में प्रमुख मुद्दा है। कश्मीर के लिए जेल में रहा हूं लेकिन आज भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। आज केवल जीत का सवाल नहीं है आज देश की अस्मिता का सवाल है। पाकिस्तान जैसे दुश्मनों से लडऩे के लिए नरेंद्र मोदी जैसा पी.एम. चाहिए।

Vijay