भाजपा ने जारी की 62 उम्मीदवारों की सूची, 1 मंत्री व 11 विधायकों के टिकट कटे

Wednesday, Oct 19, 2022 - 05:34 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 62 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इस सूची में 1 मंत्री व 11 विधायकों के टिकट काट दिए है। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज व वन मंत्री राकेश पठानिया के विधानसभा क्षेत्रों को बदला गया है। सुरेश भारद्वाज अब शिमला की बजाय कसुम्पटी और राकेश पठानिया नूरपुर के स्थान पर फतेहपुर से प्रत्याशी बनाए गए हैं। भाजपा ने पहली सूची में 5 महिला प्रत्याशियों को टिकट दिए है। भाजपा की सूची में 4 डॉक्टर, 1 रिटायर आईएएस अफसर व 3 पीएचडी के अलावा 11 अनुसूचित जाति व 8 अनुसूचित जनजाति के प्रत्याशी हैं। पार्टी की तरफ से पहली सूची में 19 नए चेहरे हैं, जो पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। 

मुख्यमंत्री व 10 मंत्रियों को टिकट
भाजपा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा उनके 10 मंत्रियों को फिर से टिकट दिया है। इसमें सुरेश भारद्वाज, सरवीण चौधरी, डाॅ. रामलाल मारकंडा, वीरेंद्र कंवर, बिक्रम सिंह, गोविंद सिंह ठाकुर, डाॅ. राजीव सहजल, सुखराम चौधरी, राकेश पठानिया व राजेंद्र गर्ग शामिल है।

6 सीटों पर अभी टिकट होल्ड
टिकट पर विवाद एवं अन्य कारणों के चलते 6 सीटों पर अभी प्रत्याशी नहीं उतारे गए हैं। इसमें देहरा, ज्वालामुखी, कुल्लू, बड़सर, हरोली और रामपुर सीट शामिल है।

ये हैं भाजपा की महिला प्रत्याशी
भाजपा की महिला प्रत्याशियों में कैबिनेट मंत्री सरवीण चौधरी एक बार फिर से चुनाव मैदान में है। इसके अलावा पार्टी ने चंबा विधानसभा क्षेत्र से इंदिरा कपूर को पहली बार टिकट दिया गया। विधायक रीना कश्यप को पच्छाद से और इंदौरा सीट से रीता धीमान फिर से चुनाव मैदान में है। इसी तरह रोहड़ू से पर पूर्व प्रत्याशी शशि बाला को फिर से टिकट दिया गया है।

1 आईएएस व 2 पूर्व सैनिक मैदान में
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी व विधायक जीतराम कटवाल झंडूता से फिर चुनाव मैदान में है। इसके अलावा 2 पूर्व सैनिक भटियता से बिक्रम जरयाल और सुजानपुर से कैप्टन रणजीत सिंह चुनाव मैदान में हैं।

2 मेडिकल व 2 आयुर्वेदिक डॉक्टर व 3 पीएचडी मैदान में
विधायक डाॅ. राजीव बिंदल और स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल 2  आयुर्वेदिक डॉक्टर चुनाव मैदान में है। इसके अलावा भरमौर से आईजीएमसी शिमला के पूर्व एमएस डाॅ. जनकराज और सोलन सीट से डाॅ. राजेश कश्यप मेडिकल ऑफिसर है। पीएचडी प्रत्याशियों में लाहौल-स्पीति से कैबिनेट मंत्री डा. रामलाल मारकंडा, चुराह से विधानसभा उपाध्यक्ष डाॅ. हंसराज व भोरंज से डाॅ. अनिल धीमान शामिल हैं।

भाजपा के तीनों महामंत्रियों को टिकट
भाजपा ने पार्टी के तीनों महामंत्रियों को टिकट दिया है। इसमें सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, बिलासपुर सदर से त्रिलोक जम्वाल और पालमपुर से त्रिलोक कपूर शामिल हैं।

कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल 2 व 1 निर्दलीय विधायक को टिकट
भाजपा ने कांग्रेस छोड़कर आए 2 विधायकों एवं 1 निर्दलीय विधायक को टिकट दिया है। इसमें कांगड़ा से पूर्व विधायक पवन काजल व नालागढ़ से लखविंद्र राणा शामिल हैं। निर्दलीय विधायक प्रकाश राणा इस बार जोगिंद्रनगर से भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। 

अनिल शर्मा को फिर से टिकट
अपने बेटे आश्रय शर्मा के कांग्रेस में जाने के कारण मंत्री पद गंवाने वाले अनिल शर्मा को भाजपा ने फिर से टिकट दिया है। अब उनके बेटे भी कांग्रेस को छोड़ चुके हैं।

भाजपा ने सशक्त उम्मीदवार मैदान में उतारे : कश्यप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा है कि भाजपा ने सशक्त उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार रिवाज बदलकर फिर से प्रदेश की सत्ता पर काबिज होगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Rajneesh Himalian