BJP के संगठनात्मक चुनाव का बजा बिगुल

Sunday, Jun 16, 2019 - 12:50 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक चुनाव का बिगुल बज गया है। इसके तहत सबसे पहले सदस्यता अभियान को चलाया जाएगा। सदस्यता अभियान 6 जुलाई से 10 अगस्त तक चलेगा। इसके बाद सक्रिय सदस्यता अभियान को 31 अगस्त तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। सदस्यता अभियान के लिए मोबाइल के अलावा व्यक्तिगत रूप से भी संपर्क किया जाएगा। मौजूदा समय में प्रदेश में भाजपा की सदस्यता करीब 11 लाख है, जिसमें इस बार 20 फीसदी बढ़ौतरी का लक्ष्य रखा गया है। यानी नए सिरे से शुरू होने वाले भाजपा के सदस्यता अभियान में करीब 2.30 लाख रुपए की बढ़ौतरी हो सकती है। 

राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा की तरफ से मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को राष्ट्रीय सदस्यता प्रमुख बनाया गया है जबकि हिमाचल प्रदेश में एच.पी.एम.सी. के अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री राम सिंह प्रदेश सदस्यता प्रमुख होंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कांगड़ा को-आप्रेटिव बैंक के अध्यक्ष डा. राजीव भारद्वाज प्रदेश में सदस्यता अभियान के सह-प्रमुख होंगे। सदस्यता अभियान के लिए जिला व मंडल स्तर पर जिला सदस्यता प्रमुख, सह-प्रमुख व मंडल सदस्यता प्रमुख व सह-प्रमुख नियुक्त किए जाएंगे तथा जून माह के अंतिम सप्ताह तक इनकी बैठक भी करवाई जाएगी। भाजपा ने सदस्यता अभियान को सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी बनाने की बात कही है ताकि अपेक्षाकृत कमजोर बूथों पर सदस्यता के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सदस्यता अभियान के पूरा होने पर बूथ स्तर से संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें हर बूथ पर कम से कम 25 सदस्यों का होना अनिवार्य है। बूथ के बाद जिला और फिर प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक चुनाव होंगे। प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक चुनाव करवाने सहित अन्य विषयों पर चर्चा करने के लिए 19 और 20 जून को शिमला में प्रदेश पदाधिकारी और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई है। बैठक में प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, पूर्व केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के अलावा मंत्री, विधायकों, जिला भाजपा अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों के भाग लेने की संभावना है।

पहले चलेगा सदस्यता अभियान: सत्ती

हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि संगठनात्मक चुनाव से पहले सदस्यता अभियान को चलाया जाएगा। इसके तहत सभी जाति, वर्ग एवं समुदाय के लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। पार्टी इस बार 20 फीसदी नए सदस्यों को बनाएगी। सदस्यता अभियान के लिए प्रदेश सदस्यता प्रमुख और सह प्रमुख की तैनाती कर दी गई है।
 

Ekta