समाज के प्रमुख लोगों को साथ जोड़ेगी भाजपा, जेपी नड्डा ने दिया मत प्रतिशत बढ़ाने पर जोर

Sunday, Feb 04, 2024 - 10:06 PM (IST)

धर्मशाला/गग्गल (सौरभ/अनजान): आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए भारतीय जनता पार्टी सामाजिक परिवेश में गहरा प्रभाव रखने वाले लोगों को अपने साथ जोड़ेगी। पार्टी सेवानिवृत्त अधिकारियों, वकीलों, चार्टर्ड अकाऊंटैंट, कलाकारों, प्रमुख किसान-बागवानों आदि से संपर्क साधकर उन्हें अपनी नीतियों व कार्यक्रमों से अवगत करवाएगी। गग्गल के एक निजी रिजॉर्ट में रविवार को करीब अढ़ाई घंटे तक चली भाजपा प्रदेश संगठनात्मक बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने संगठन के पदाधिकारियों को इस बिंदु पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। सूत्रों के अनुसार बैठक में नड्डा ने संगठन के तमाम पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत पूरी तरह कमर कसने व समाज में पैठ बढ़ाने पर बल दिया। नड्डा ने प्रदेश में चारों लोकसभा सीटें जीतने का रोडमैप तैयार कर संगठन को आगे बढ़ने को कहा। बैठक में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक और विभिन्न प्रतिनिधि शामिल हुए। 

बैठक में गांव चलो अभियान के कार्यों की समीक्षा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि बैठक में पार्टी के गांव चलो अभियान के कार्यों की समीक्षा की गई। अभियान के जरिए बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने व मोदी सरकार की उपलब्धियों को ग्राऊंड जीरो यानी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। बैठक में प्रधानमंत्री के 'मन की बात’ कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाकर कार्यक्रम के दौरान हर बूथ की बैठक करने पर भी मंथन हुआ। बैठक में नव मतदाता सम्मेलन, वरिष्ठ कार्यकर्त्ता सम्पर्क अभियान, मन की बात, लाभार्थी सम्पर्क आदि विभिन्न अभियानों पर विशेष चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने विपक्ष के इंडी गठबंधन और कांग्रेस पार्टी में व्याप्त परिवारवाद, करप्शन व जातिवाद को लेकर हर मतदाता को जागरूक करने को कहा। बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन व सभी प्रदेश महामंत्री उपस्थित रहे। 

विधानसभा क्षेत्रों का प्रवास करेंगे शीर्ष नेता
सूत्र बताते हैं कि लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित लोकसभा चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन सहित चुनाव अभियान प्रबंधन से जुड़े नेता विधानसभा क्षेत्रों के प्रवास शुरू कर कार्यकर्त्ताओं का मार्गदर्शन करने के साथ ही आम लोगों से केंद्र सरकार के कार्यक्रमों को लेकर फीडबैक लेंगे। संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए आने वाले दिनों में पन्ना प्रमुख, विस्तारकों व त्रिदेव सम्मेलनों की शुरूआत होगी। 

पूर्व आईएएस अधिकारी जेसी शर्मा को दिलवाई सदस्यता 
राजीव बिंदल ने कहा कि बैठक में पार्टी ने प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक प्रबुद्ध लोगों को जोड़ने के लिए नया अभियान प्रारंभ किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अभियान की शुरूआत करते हुए सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी जगदीश चंद शर्मा को पटका पहना कर पार्टी की सदस्यता दिलवाई। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay