BJP सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी बोले-नेहरू को हुआ था महात्मा गांधी की हत्या का सीधा फायदा

Saturday, Oct 19, 2019 - 09:07 PM (IST)

शिमला (योगराज): अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले भाजपा सांसद डॉ. सुब्रह्मण्यम स्वामी ने शिमला विश्वविद्यालय में राष्ट्रवाद पर बोलते हुए कांग्रेस नेताओं पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का राष्ट्रवादी चरित्र नहीं था इसलिए वह एक इटालियन महिला सोनिया गांधी के इशारों पर नाचते थे और देश हित में निर्णय नहीं लेते थे। मनमोहन सिंह का व्यक्तिगत चरित्र बहुत अच्छा है लेकिन वे राष्ट्रवादी नहीं हैं क्योंकि राष्ट्रवादी होने के लिए व्यक्तिगत चरित्र के साथ राष्ट्रवादी चरित्र होना भी जरूरी है।

गोडसे की गोली से हुई महात्मा गांधी की मौत अभी जांच का विषय

उन्होंने कहा कि नाथू राम गोडसे हिंदूवादी विचारधारा के व्यक्ति थे। गोडसे को लगा कि महात्मा गांधी के विचारों से हिंदुओ को नुक्सान हो रहा है इसलिए उसने महात्मा गांधी को गोली मारी थी लेकिन महात्मा गांधी की मौत उसकी गोली से हुई थी यह नहीं, यह अभी जांच का विषय है, इसकी वे जांच कर रहे हैं क्योंकि महात्मा गांधी की हत्या से सीधा फायदा जवाहर लाल नेहरू को हुआ था लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि नेहरू पर उनको किसी तरह का संदेह है।

सोनिया और राहुल गांधी ने एक भी एग्जाम पास नहीं किया

उन्होंने कहा कि सोनिया और राहुल गांधी ने एक भी एग्जाम पास नहीं किया है। वे झूठ बोलते हैं। उनकी डिग्रियां भी फर्जी हैं, इसके साक्ष्य सामने आए हैं जबकि भीम राव अम्बेदकर ने विदेश जाकर पीएचडी की डिग्री हासिल की थी और देश के संविधान की रचना की थी। उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी रूस के पिट्ठू थे। सोनिया गांधी के पिता हिटलर की आर्मी में जवान थे। उन्होंने कहा कि वह नैशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी को जेल भेज कर दम लेंगे।

संस्कृत के बिना व्यक्ति का राष्ट्रवादी होना संभव नहीं

उन्होंने संस्कृत भाषा को बढ़ावा देते हुए कहा कि संस्कृत के बिना व्यक्ति का राष्ट्रवादी होना संभव नहीं है। संस्कृत भाषा कम्प्यूटर के लिए सबसे उपयोगी भाषा है। विदेशों में भी यह सिद्ध हो चुका है। संस्कृत भाषा को वापस लाना होगा। राष्ट्रवाद एक संस्कृति है और लोगों को अपनी अस्मिता, संस्कृति और इतिहास को जानना होगा तभी कोई व्यक्ति राष्ट्रवादी बन सकता है। उन्होंने कहा कि पुरुष और महिला को जब तक एक सम्मान नहीं समझा जाएगा तब तक देश तरक्की नहीं कर सकता। युवाओं को दहेज की मांग नहीं करनी चाहिए। राष्ट्रवाद के लिए सभी को एक समझना जरूरी है।

चीन को बहुत जल्द पीछे छोड़ देगा भारत, पाकिस्तान के होंगे चार टुकड़े

उन्होंने कहा कि भारत एक बार फिर से दुनिया का सबसे ताकतवर देश बनेगा। आज बेशक आर्थिक मंदी की बातें हो रही हैं लेकिन मुश्किलों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ेगी। चीन को भारत बहुत जल्द पीछे छोड़ देगा। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द कश्मीर का जो हिस्सा पाकिस्तान में है, उसे भारत वापस लेगा। पाकिस्तान के चार टुकड़े किए जाएंगे क्योंकि दो टुकड़ों से पाकिस्तान ने सबक नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि पीओके को भारत में मिलाने के लिए सरकार काम कर रही है।

अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण ही होगा न्याय

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि आयोध्या में राम पैदा हुए थे, मुस्लिम का अयोध्या में कोई भी अधिकार नहीं है। मुस्लिम कहीं भी नमाज पढ़ सकते हैं। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण हिंदुओ की आस्था से जुड़ा हुआ है। एक छात्र द्वारा पूछे गए सवाल कि जब भगवान हर जगह है तो अयोध्या में ही राम मंदिर क्यों बने पर उन्होंने कहा कि इतिहास में कुछ अन्याय हुआ है तो उसे सुधारना सरकार का काम है। मुसलमानों ने जान-बूझकर अयोध्या में राम मंदिर तोड़कर मस्जिद बना दी है इसलिए अब न्याय यही होगा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो।

Vijay