BJP के इन 2 मंत्रियों ने अग्निहोत्री पर किया पलटवार, लगाए यह आरोप

Friday, May 10, 2019 - 10:01 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर तथा उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह बताएं कि उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए किसका टिकट काटा था। उन्होंने कहा कि अग्निहोत्री भाजपा को तो नसीहत दे रहे हैं लेकिन अपनी पार्टी को भूल जाते हैं। दोनों मंत्रियों ने यहां जारी संयुक्त बयान में कहा कि नेता प्रतिपक्ष को वह मुहावरा याद करना चाहिए, जिनके खुद के घर शीशे के होते हैं, उनको दूसरों के घरों की ओर पत्थर नहीं फैंकने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक समय कांग्रेस के बड़े दलित नेता और राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सीता राम केसरी को धक्के मारकर कांग्रेस के दफ्तर से खदेड़ दिया गया था। 

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर पर अपने कई अन्य बुजुर्ग नेताओं को कांग्रेस ने बुरी तरह अपमानित करके उनका राजनीतिक जीवन समाप्त कर दिया। मंत्रियों ने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री को बुजुर्गों के सम्मान के साथ-साथ युवा पीढ़ी के भविष्य के बारे में भी सोचना चाहिए। मंत्रियों ने कहा कि कांग्रेस के पास चुनाव में जाने के लिए न तो कोई विजन है और न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा से मुकाबला करने की रणनीति। उन्होंने दावा किया कि वंशवाद के आधार पर चल रही इस पार्टी को जनता इस बार भी नकार देगी।


 

Ekta