अगस्त या सितम्बर तक BJP को मिल सकता है नया अध्यक्ष, सामने आने लगे कई नाम

Tuesday, Jun 11, 2019 - 04:55 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश भाजपा को अगस्त या सितम्बर माह तक नया अध्यक्ष मिल सकता है। नए अध्यक्ष का चयन करने से पहले प्रदेश में भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा, जिसके अगस्त या सितम्बर माह तक पूरा होने की संभावना है। मौजूदा समय में सतपाल सिंह सत्ती के हाथों में प्रदेश भाजपा की कमान है, जो लगातार 2 बार पार्टी के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी जहां प्रदेश की सत्ता में वापसी करने में सफल रही, वहीं 2 बार लोकसभा के चुनाव में भाजपा को चारों सीटों पर शानदार जीत मिली है। 

भाजपा के संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही उनके विकल्प के रुप में कई भाजपा नेताओं के नाम अध्यक्ष पद के लिए आने शुरू हो गए हैं। इसमें रणधीर शर्मा, रामस्वरुप शर्मा गणेश दत्त, चंद्रमोहन ठाकुर और त्रिलोक जम्वाल प्रमुख है। रामस्वरुप शर्मा क्योंकि दूसरी बार सांसद बन चुकेे हैं और उनका संबंध मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला से है, जो उनके अध्यक्ष बनने की राह में सबसे बड़ा रोड़ा है। इस स्थिति दूसरे नेताओं के नामों पर चर्चा हो सकती है। प्रदेश में भाजपा के संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया आरंभ होने से पहले पार्टी आलाकमान ने भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्षों एवं संगठन महामंत्रियों की बैठक बुलाई है।

नई दिल्ली में 13 व 14 जून को होने वाली इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा भाग लेंगे। इस बैठक में लोकसभा चुनाव की समीक्षा के अलावा सरकार के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी। बैठक के बाद प्रदेश में सदस्यता अभियान शुरू हो जाएगा। सदस्यता अभियान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पहले बूथ स्तर पर चुनाव होंगे। इसके बाद मंडल और जिला स्तर के चुनाव होंगे। जिला स्तर के चुनाव के बाद प्रदेश कार्यकारिणी को चुना जाएगा, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष का चयन प्रमुख रहेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए आगे आ रहा नड्डा का नाम

भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन करना इसलिए जरुरी है, क्योंकि अमित शाह केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो चुके हैं। इस स्थिति में उनके स्थान पर जगत प्रकाश नड्डा का नाम आगे आ रहा है। उनको पहले भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाया जा सकता है।

Ekta