BJP ने अनुराग ठाकुर को जम्मू-कश्मीर निकाय चुनाव का प्रभारी बनाया

Sunday, Nov 15, 2020 - 07:27 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): भाजपा आलाकमान ने एक बार फिर से केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर पर भरोसा जताया है। इसके तहत हिमाचल के छोकरे को पार्टी आलाकमान ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनबाज हुसैन और हरियाणा से सांसद संजय भाटिया को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की तरफ से उनके नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू माने जाएंगे।

अनुराग ने जम्मू-कश्मीर में निकाली थी तिरंगा यात्रा

उल्लेखनीय है कि अनुराग ठाकुर के पास इस समय केंद्र में वित्त एवं कॉर्पोरेट मामले राज्यमंत्री जैसा अहम दायित्व है। वह इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं, साथ ही युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए अनुराग ठाकुर ने जम्मू-कश्मीर में तिरंगा यात्रा निकाली थी। वह अपनी बेबाक टिप्पणी के कारण कई बार सुर्खियों में रहे हैं, जिस कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल सुरंग रोहतांग के उद्घाटन के दौरान उन्हें हिमाचल का छोकरा कहकर भी संबोधित किया था। प्रधानमंत्री ने अपने इस संबोधन से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की तरफ से की गई टिप्पणी को लेकर वार किया था, साथ ही इस टिप्पणी को हिमाचल प्रदेश की सियासत से जोड़कर भी देखा जा रहा है। अब उनके ऊपर जम्मू-कश्मीर निकाय चुनाव को सफलतापूर्वक निपटाने का दायित्व रहेगा।

Vijay