पीटरहॉफ में BJP विधायक दल की बैठक, मुख्य व उप मुख्य सचेतक पर हुई माथापच्ची

Tuesday, May 22, 2018 - 10:33 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में मंगलवार देर शाम होटल पीटरहॉफ में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में मुख्य सचेतक व उप मुख्य सचेतक की तैनाती को लेकर चर्चा होने की सूचना है। सूत्रों के अनुसार बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के शिमला दौरे पर भी चर्चा हुई। अमित शाह के शिमला आगमन पर पार्टी उनको सत्ता एवं संगठन के कामकाज की रिपोर्ट देगी। इसके लिए विधायक दल से फीडबैक भी लिया गया।


2 लोकसभा प्रत्याशियों की बदल सकती है टिकट
बैठक में केंद्र सरकार के 26 मई को 4 साल के जश्न मनाने और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा होने की सूचना है। लोकसभा चुनाव में पार्टी का टिकट देने का क्या आधार होगा, इस विषय पर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष अपना मत स्पष्ट कर सकते हैं। इसके लिए सर्वेक्षण का सहारा भी लिया जाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी प्रदेश से 2 लोकसभा प्रत्याशियों के टिकट भी बदल सकती है।


सत्ती ने ली पार्टी पदाधिकारियों की बैठक
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भी इस दौरान प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक ली। इस बैठक में प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनके मंत्रिमंडल सहयोगी, सांसद और कई विधायक भी मौजूद रहे। इस बैठक में भी आगामी लोकसभा चुनाव और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे को लेकर चर्चा हुई।

Vijay