जयराम व धूमल सहित भाजपा नेताओं ने सराहा केंद्रीय बजट, बोले-सभी वर्गों को दी राहत

Wednesday, Feb 01, 2023 - 09:54 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्र सरकार के वार्षिक बजट को जहां प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने निराशाजनक बताया है तो वहीं प्रदेश भाजपा नेताओं ने इसे अमृत काल का बजट बताया है। नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय बजट को गांव, गरीबों, किसानों, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों, शोषितों, वंचितों, दिव्यांगजनों, आर्थिक रूप से पिछड़े तथा मध्यम वर्ग के लोगों को सशक्त और सक्षम बनाने वाला बजट बताया है। इस बजट के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण व उनकी पूरी टीम को बधाई दी है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों और एमएसएमई को तरक्की और लाभ के नए अवसर पहुंचाने वाले निर्णयों और योजनाओं से परिपूर्ण है। केंद्र सरकार ने 7 लाख रुपए तक की आय पर कोई भी टैक्स नहीं लगाने का निर्णय लेकर सबको खुश कर दिया है।

पूरे भारत के समग्र विकास का बजट : सुरेश कश्यप
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भारत का आम बजट अमृत काल का बजट है और पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। इस बार का बजट पूरे भारत के समग्र विकास का बजट है। बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस बार मिडल क्लास के लिए सरकार ने बड़ा फायदा दिया है। इनकम टैक्स में रिबेट लिमिट को बढ़ाकर 5 से 7 लाख कर दिया गया है, साथ ही एक्सैंप्शन की सीमा को बढ़ाकर अढ़ाई लाख से 3 लाख कर दिया गया है।

सांसद डॉ. सिकंदर ने ऐतिहासिक करार दिया बजट
सांसद डाॅ. सिकंदर कुमार ने केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह अमृत काल का बजट है तथा मंदी के बावजूद दुनिया ने भारत की आर्थिक स्थिति को सराहा है। उन्होंने कहा कि देश के हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास को ध्यान में रखकर बजट प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो सपना आने वाले भारत का देखा है तथा भाजपा जो सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास-सबका प्रयास की बात करती है, वह सब प्रस्तुत बजट में साफ झलकता है।

देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगी रफ्तार : चेतन बरागटा
भाजपा नेता चेतन बरागटा ने कहा कि केंद्रीय बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था पिछले 9 वर्षों में 5वें स्थान पर पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों में सालाना आय 1 लाख से बढ़कर 1.97 लाख पहुंच गई है, जोकि लगभग दोगुनी हो गई है। चेतन ने कहा कि सभी वर्गों को सशक्त बनाने एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण हेतु ऐतिहासिक एवं सराहनीय बजट पेश किया गया है। 

नए भारत की अपेक्षाओं को पूरा करेगा केंद्रीय बजट : परमार
विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा के बजट प्रचार व प्रसार कमेटी के प्रदेश संयोजक विपिन सिंह परमार ने कहा है कि भारत की वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा वर्ष 2023-24 के लिए प्रस्तुत केंद्रीय बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक अर्थव्यवस्था के सम्मुख सभी चुनौतियों के बीच दृढ़ संकल्प शक्ति के बल पर नित नई ऊंचाइयां छूते और आगे बढ़ते भारत की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट है। उन्होंने केंद्रीय बजट के माध्यम से विकास के एक नए युग का सूत्रपात करने के लिए केंद्र सरकार को बधाई दी तथा कहा कि आजादी के अमृतकाल का यह पहला बजट देश के आधारभूत ढांचे के विकास व निवेश की दृष्टि से भी कई नई पहलों को प्रस्तुत करता है। 

केंद्रीय बजट संतुलित, कर्मचारियों को दी राहत : सत्ती 
भाजपा नेता एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने केंद्रीय बजट को संतुलित करार दिया तथा कहा कि इसमें सभी वर्गों को राहत दी गई है। सत्ती ने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं। कर्मचारी वर्ग को राहत देने के लिए कर में छूट दी गई है। कई विदेशी वस्तुओं पर कर लगाया गया है, इससे मेड इन इंडिया मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि बजट के आने वाले समय में सार्थक परिणाम सामने आएंगे। ऐसे में कांग्रेस नेताओं को बजट का पता तब चलेगा, जब वे इसका विस्तृत रूप से अध्ययन करेंगे। इसलिए उन्हें जल्दबाजी में बयानबाजी से बचना चाहिए।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay