हिमाचल से निकली चिंगारी करेगी कांग्रेस का सफाया : शेखावत

Wednesday, Jun 15, 2022 - 12:28 AM (IST)

सुंदरनगर (ब्यूरो/सोनी): केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज हम यहां इतिहास बनाने खड़े हैं। 2023 में राजस्थान, मध्य प्रदेश, छतीसगढ़ और मेघालय में भी चुनाव होने वाले हैं। हिमाचल प्रदेश से जो चिंगारी निकलेगी वह कांग्रेस का आने वाले चुनाव में सब जगह सफाया कर देगी। उन्होंने कहा कि सुंदर धरती के सुंदरनगर में तन-मन और सुंदर लोगों से मिलकर मन प्रसन्न हुआ। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने हर घर नल हर घर जल योजना के तहत 93 प्रतिशत घरों को पेयजल उपलब्ध करवाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है तथा मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गत 2 वर्षों से हिमाचल प्रदेश को लगातार प्रोत्साहन राशि मिल रही है। इससे पहले हिमाचल प्रवास पर आए सुंदरनगर में हैलीपैड पर मिले आत्मीय स्वागत के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राकेश जम्वाल और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह का आभार जताया। शेखावत ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की जीत में त्रिदेव के सहयोग से दोबारा सत्ता हासिल करने का आह्वान किया है।

राजस्थान को पानी देने वाले हिमाचल को नमन
शेखावत ने कहा कि मेरे राज्य राजस्थान को हिमाचल से ही पानी जाता है जिसके लिए मैं हिमाचल की जर को नमन करता हूं। शेखावत ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य को जल जीवन मिशन के तहत लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निधि में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आएगी। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने  प्रदेश में भाजपा के आरंभिक चरण में पूर्व सांसद गंगा सिंह, महेश्वर सिंह, शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल जैसे वरिष्ठ भाजपा नेताओं द्वारा दिए गए योगदान भी स्मरण किए।

इस बार रिवाज बदलेंगे : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को सुंदरनगर के जवाहर पार्क मैदान में आयोजित मंडी संसदीय क्षेत्र के त्रिदेव सम्मेलन में कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा की तर्ज पर हिमाचल में परंपरा टूटेगी और भाजपा दोबारा सरकार बनाएगी। संगठन पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन से सरकार है, सरकार से संगठन नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस बार रिवाज को बदलना है और भाजपा को दोबारा सत्तासीन करना है। उन्होंने कबीर जयंती की बधाई देते हुए कहा कि इस बार के विधानसभा चुनावों में भी त्रिदेव के सहयोग से भाजपा की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश से कांग्रेस का सफाया हो गया है और अब प्रदेश से साफ करने की बारी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में संगठन को मजबूत करने व दोबारा सरकार बनाने को लेकर त्रिदेव सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। 

कांग्रेस के पास न तो नीति और न नेतृत्व : खन्ना
भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि त्रिदेव सम्मेलन करके 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकत्र्ताओं को तैयार कर दिया है। सभी इकट्ठे होकर चुनाव लड़ेंगे, एकजुट होकर लोगों के बीच जाएंगे और सरकार की योजनाओं के बारे में बताएंगे। खन्ना ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो नीति है और न नेतृत्व। केजरीवाल की आम आदमी पार्टी का मॉडल दिल्ली और पंजाब में फेल हो चुका है। पंजाब में बिजली मुफ्त देने की बात की है लेकिन अब वायदा पूरा नहीं किया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay