डैमेज कंट्रोल में जुटे भाजपा नेता, नामांकन वापसी तक जारी रहेगा रूठों को मनाने का सिलसिला

Sunday, Oct 23, 2022 - 08:18 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): विधानसभा चुनाव के लिए जारी नामांकन प्रक्रिया के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह तथा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना सहित अन्य नेता डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। इसके तहत जेपी नड्डा ने अपने गृह क्षेत्र बिलासपुर में डेरा डाल दिया है तथा लंच डिप्लोमेसी के माध्यम से उन्होंने गिले-शिकवे दूर करने के प्रयास किए हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी ऐसे कई नेताओं से बात की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी प्रत्येक कार्यकर्ता के मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखेगी। 

प्रवीण शर्मा और अर्जुन सिंह को मनाने में सफल रहे खन्ना
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह भी लगातार कार्यकर्ताओं के बीच जाकर प्रचार करने के अलावा रूठों को मना रहे हैं। प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना पालमपुर में प्रवीण शर्मा और ज्वाली में अर्जुन सिंह को मनाने में सफल रहे हैं। इस तरह कुल मिलाकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने तक भाजपा के कई नेता रूठों को मनाएंगे और जो नहीं मानते उनको पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाएगा। 

नामांकन प्रक्रिया के बाद प्रदेश में होंगी मोदी व अन्य नेताओं की रैलियां
चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियां होंगी। भाजपा प्रधानमंत्री का सभी संसदीय क्षेत्रों में रैली करवाने का कार्यक्रम बना रही है। साथ ही उन क्षेत्रों में भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम बन सकते हैं, जहां पर कांग्रेस का बेहतर प्रदर्शन रहा है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित अन्य स्टार प्रचार प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay