Shimla: विपिन परमार ने साधा निशाना, बोले-300 यूनिट फ्री बिजली का वायदा कर सुक्खू सरकार दे रही महंगे बिलों का झटका

punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 07:11 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने हिमाचल प्रदेश में बिजली सबसिडी से जुड़े नए फैसले पर कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनावों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वायदा करने वाली सुक्खू सरकार अब जनता को महंगे बिजली बिलों का झटका दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में लाखों उपभोक्ताओं को मई महीने में भारी-भरकम बिजली बिल थमाकर कांग्रेस सरकार ने अपना जनविरोधी चेहरा उजागर कर दिया है।

विपिन परमार ने कहा कि सरकार द्वारा दो से अधिक मीटर वाले घरों पर बिजली सब्सिडी समाप्त करने का फैसला सीधे तौर पर शहरी क्षेत्रों में रहने वाले किराएदारों, मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर आर्थिक हमला है। प्रदेश में लगभग तीन लाख उपभोक्ता इस फैसले से प्रभावित हुए हैं। जो लोग पहले मामूली या शून्य बिल भरते थे, आज उन्हें सैकड़ों और हजारों रुपये के बिल दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनावों के दौरान बड़े-बड़े वादे कर जनता से वोट लिए, लेकिन सत्ता में आते ही उन्हीं वादों से पीछे हट गई। आज स्थिति यह है कि एक यूनिट बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ता को भी बिल भरना पड़ रहा है। भाजपा का मानना है कि यह फैसला पूरी तरह गरीब और मध्यम वर्ग विरोधी है।

विपिन परमार ने कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि जिन लोगों के नाम पर मकान और मीटर हैं, उन्हें तो सबसिडी मिल रही है, लेकिन किराए के कमरों में रहने वाले गरीब, मजदूर, छात्र और नौकरीपेशा लोग बिना सबसिडी के भारी बिल भरने को मजबूर हैं। इससे मकान मालिकों और किराएदारों के बीच विवाद की स्थिति भी पैदा हो रही है।

विपिन परमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार प्रदेश की आर्थिक बदहाली का बोझ आम जनता पर डाल रही है। बिजली, पानी, डीजल, बस किराए और अन्य सेवाओं में लगातार बढ़ोतरी कर जनता की कमर तोड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास न नीति है और न नियत, केवल जनता पर आर्थिक बोझ डालने की मानसिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस जनविरोधी फैसले का लगातार विरोध करेगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी। हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News