कांगड़ा-चंबा के साथ भाजपा कर रही है सौतेला व्यवहार: डाॅ. राजेश

punjabkesari.in Saturday, Aug 28, 2021 - 10:47 AM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय फिर से राजनीतिक सुर्खियों में आ गया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण में हो रही देरी व धर्मशाला की जमीन को परिसर बनाने के लिए अनुकुल ना मानने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डाॅ. राजेश शर्मा ने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के साथ अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि 2009 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शिमला से हिमाचल को केंद्रीय विश्वविद्यालय की सौगात दी थी। उन्होंने कहा कि आज तक केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तो केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकारे है, लेकिन भाजपा अभी भी केंद्रीय विश्वविद्यालय को बनाने में असफल रही है।

डाॅ. राजेश ने कहा कि जब धर्मशाला में पांच सितारा होटल, स्कूल शिक्षा बोर्ड, निर्वासित तिब्बत सरकार व एच.पी.सी.ए. का अंतराष्ट्रीय मैदान बन सकता है तो केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए यहां की भूमि उपयुक्त क्यों नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार के दौरान कांगड़ा के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है तथा कांगड़ा के साथ धोखे पर धोखे भाजपा सरकार दे रही है। डाॅ. राजेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि अब जब प्रदेश का नेता भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष है व प्रदेश का एक केंद्रीय मंत्री केंद्र सरकार में है उसके बाद भी प्रदेश के लिए परियोजनाएं लाने में भाजपा नामाकयाब हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांगड़ा के साथ भाजपा ने सी.यू. के मुद्दे को लेकर सौतेला व्यवहार किया तो कांग्रेस सरकार इसका विरोध सड़कों में उतर कर करेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि उनसे देश व प्रदेश नहीं चल रहा है तो उन्हें अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News