Solan: नगर निगम के वार्ड नम्बर-5 उपचुनाव में भाजपा ने लहराया जीत का परचम, कांग्रेस को झटका

punjabkesari.in Sunday, Sep 29, 2024 - 09:20 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): सोलन नगर निगम वार्ड नम्बर-5 में हुए उपचुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। भाजपा प्रत्याशी अमरदीप पांजा ने कांग्रेस प्रत्याशी पुनीत नारंग को 283 वोटों से हराकर एकतरफा जीत हासिल की है। इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को हार के अंतर से भी कम वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी अमरदीप पांजा को 523 वोट, कांग्रेस प्रत्याशी पुनीत नारंग को 240 व 2 वोट नोटा को पड़े। इस हार से कांग्रेस को सोलन में बड़ा झटका लगा है। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल सहित कांग्रेस ने बड़े नेताओं ने इस वार्ड को जीतने में पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन भाजपा के इस अभेद्य दुर्ग को भेदने में नाकाम रहे। 

सुबह 8 से शुरू हुआ मतदान 
सुबह 8 से मतदान शुरू हुआ। 1143 में से 765 मतदाताओं ने मतदान किया। 4 बजे मतदान समाप्त होने के साथ ही ईवीएम को भारी सुरक्षा के बीच नगर निगम सोलन हाल में लाया गया, जहां पर करीब शाम 6 बजे मतगणना शुरू हुई। डीसी सोलन मनमोहन शर्मा, एडीसी अजय यादव व एसडीएम सोलन डाॅ. पूनम बंसल की निगरानी में मतगणना शुरू हुई। डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने चुनाव नतीजों की जानकारी दी। अमरदीप पांजा की जीत की घोषणा के साथ ही भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। भाजपा प्रत्याशी अमरदीप पांजा ने जीत के बाद वार्ड नम्बर-5 के मतदाताओं का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि वह वार्ड नम्बर-5 के विकास व जनता की सेवा के लिए ही काम करेंगे।

भाजपा की यह जीत सुक्खू सरकार के लिए बड़ा झटका : संजीव कटवाल
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने इस जीत को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह जीत सुक्खू सरकार के लिए बड़ा झटका है। जिस तरह से कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में झूठी गारंटी दी थी, उसी तरह की गांरटी नगर निगम के चुनाव में भी दी थी, जिसे आज तक पूरा नहीं किया है। लोगों ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि सोलन में 18 महीने बाद नगर निगम के होने वाले चुनाव में भाजपा को ही जिताएंगे।

भाजपा ने निकाला शहर में विजयी जुलूस
नगर निगम के वार्ड नम्बर-5 में हुए उपचुनाव में मिली जीत के बाद भाजपा ने सोलन शहर में विजयी जुलूस निकाला। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, डिप्टी मेयर मीरा आनंद, वार्ड नम्बर-5 के प्रभारी शैलेन्द्र गुप्ता व राजेश कश्यप की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने चुनाव नतीजे की घोषणा के साथ ही नगर निगम परिसर में जश्न मनाना शुरू कर दिया। उसके बाद पार्टी कार्यकर्त्ताओं ने नगर निगम सोलन से विजयी जुलूस निकाला, जो मालरोड होते हुए आगे बढ़ा। इस दौरान कार्यकर्त्ताओं ने जमकर नारेबाजी।

कांग्रेस की हार से कई सवाल हुए खड़े
प्रदेश में सरकार होने के बावजूद कांग्रेस की इस हार से कई सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता व नगर निगम के पार्षद कुलभूषण गुप्ता के निधन के बाद वार्ड नम्बर-5 में यह उपचुनाव हुआ। भाजपा ने इस चुनाव को बड़ी गंभीरता के साथ लड़ा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल को सोलन में तैनात किया हुआ था। उनकी देखरेख में भाजपा का प्रचार आगे बड़ा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन डाॅ. राजीव बिंदल भी मैदान में उतर गए। इसका पार्टी को जीत के रूप में लाभ भी मिल गया। दूसरी ओर स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक कर्नल धनीराम शांडिल ने भी चुनाव प्रचार के आखिरी 2 दिनों में सोलन में डेरा डाला हुआ था लेकिन पार्टी को हार के अंतर से भी कम वोट मिले।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News