Sirmaur: भाजपा ने नाहन में निकाली आक्रोश रैली, राजीव बिंदल बोले-सुक्खू सरकार के कार्यकाल में जनता त्रस्त, प्रदेश को कर्ज में डूबोया

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 02:25 PM (IST)

नाहन (आशु): भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को नाहन में आक्रोश रैली का आयोजन करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। रैली को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि साढ़े तीन वर्षों का यह कार्यकाल हिमाचल प्रदेश की जनता पर कहर बनकर टूटा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग की कमर तोड़ दी है और जनता आज त्रस्त है, जबकि सरकार मस्त है। डॉ. बिंदल ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखी आलोचना करते हुए कहा कि सत्ता का पहला दायित्व कानून व्यवस्था बनाए रखना होता है, लेकिन पिछले साढ़े तीन वर्षों में हत्या, लूट, फिरौती, गैंगवार और महिला उत्पीड़न के मामलों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चिट्टा माफिया, शराब माफिया और कबाड़ माफिया को कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं का खुला संरक्षण प्राप्त है, जिससे प्रदेश में भय का माहौल बना हुआ है।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया है। उन्होंने बताया कि साढ़े तीन वर्षों में 45,000 करोड़ रुपए का कर्ज लेकर प्रदेश का कुल कर्ज 1.10 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचा दिया गया है। इसके अलावा पैट्रोल-डीजल पर भारी वैट लगाकर जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है, जिससे महंगाई चरम पर पहुंच गई है। उन्होंने सुक्खू मॉडल का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार ने सीमैंट के दामों में 100 रुपए की बढ़ोतरी, स्टाम्प ड्यूटी व पानी के दामों में 500 प्रतिशत वृद्धि, बिजली के दामों में 100 प्रतिशत वृद्धि, राशन में 60 प्रतिशत वृद्धि और एंट्री टैक्स व परिवहन किराए में भारी बढ़ौतरी कर आम जनता को आर्थिक रूप से तोड़ दिया है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि इस सुक्खू मॉडल के तहत हर महीने स्कूल, अस्पताल और सरकारी दफ्तर बंद किए जा रहे हैं। अब तक करीब 2500 संस्थानों पर ताला लगाया जा चुका है और आगे भी यही क्रम जारी रहने की आशंका है। उन्होंने बेरोजगार युवाओं के साथ विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा कि एक लाख सरकारी नौकरियों और हर साल रोजगार देने की गारंटी केवल जुमला साबित हुई है। आज युवा दर-दर भटकने को मजबूर है और सरकार पूरी तरह विफल रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि महिलाओं, किसानों, बागवानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और सत्ता का दुरुपयोग चरम पर है। लाखों गरीबों को बीपीएल सूची से बाहर कर दिया गया है, जिससे उनका जीवन और कठिन हो गया है। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता अब इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर चुकी है और इसे उखाड़ फैंकने का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा इस जनआंदोलन में जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News