दिवाली पर BJP को मिला तोहफा, उपचुनावों में दोनों सीटों पर मिली शानदार जीत

Thursday, Oct 24, 2019 - 02:58 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल प्रदेश की धर्मशाला और पच्छाद सीट के उपचुनाव की परीक्षा को जयराम सरकार ने सफलता के उत्तीर्ण कर लिया है। दोनों सीटों पर जनता ने भाजपा के उम्मीदवारों को चुन कर विधानसभा भेजा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा ने दोनों सीट पर अच्छी जीत हासिल की है। धर्मशाला में 6758 मतों से भाजपा के विशाल नैहरिया ने जीत दर्ज की है जबकि पच्छाद से 2742 मतों से रीना कश्यप विजयी हुई है। जीत को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह जनता की जीत है। दिवाली से पहले लोगों ने भाजपा के प्रत्याशियों को जीताकर सरकार को तोहफा दिया है जिसके लिए मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का धन्यवाद भी किया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों ही जगह पर पहले भी बीजेेपी के विधायक थे और अब भी नए और युवा चेहरों के साथ भाजपा के विधायक सरकार को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों जगह मिली जीत जनता व भाजपा नेताओं, सरकार के मंत्रियों व कार्यकर्ताओं की जीत है। धर्मशाला उपचुनाव की जीत सबसे बड़ी है जहां कांग्रेस पार्टी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाई। दोनों ही जगह भाजपा के युवा उम्मीदवार जीतकर विधानसभा पहुंचे है। पच्छाद में भी रीना कश्यप की जीत के बाद विधानसभा में महिला सदस्यों को संख्या बढ़ गई है। अब विधानसभा में विधानसभा सदस्यों की संख्या 5 हो गई है। मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र व हरियाणा में भी भाजपा की बढ़त को पीएम मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा की मेहनत का नतीजा करार दिया। जयराम ने दोनों राज्यों में बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के बाद इसके बारे में सोचा जाएगा।

Ekta