विधायक क्षेत्र विकास निधि रोकने पर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी भाजपा : रणधीर शर्मा

Wednesday, Feb 15, 2023 - 04:29 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): विधायक क्षेत्र विकास निधि रोकने पर भाजपा के 25 विधायक नए राज्यपाल के पदभार संभालने के बाद ज्ञापन सौंपेंगे। विधायक क्षेत्र विकास निधि की राशि रोककर सरकार ने जनता के हितों से खिलवाड़ किया है। यह बात भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि पुरानी योजनाओं को बंद करके व पूर्व भाजपा सरकार की तरफ से खोले गए संस्थानों को डिनोटिफाई करके कांग्रेस सरकार अपनी गारंटियों को पूरा नहीं कर सकती। जब कांग्रेस को प्रदेश के वित्तीय हालात का पता था तो उसने जनता को लुभाने के लिए क्यों 10 गारंटियां दीं? उन्होंने आरोप लगाया कि अपने खर्चों में सरकार कटौती करने को तैयार नहीं है। इसका प्रमाण प्रदेश में उपमुख्यमंत्री पद का सृजन करने के अलावा चहेतों को सरकार में कैबिनेट रैंक देना और सीपीएस की नियुक्ति करके जनता पर बोझ डालना है। उन्होंने कहा कि सीपीएस मामले को न्यायालय में चुनौती देने पर भाजपा विचार कर रही है। 

5 साल में प्रदेश को बर्बाद कर देगी कांग्रेस
रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार 5 साल तक सत्ता में रहने की स्थिति में प्रदेश को बर्बाद कर देगी। उन्होंंने आरोप लगाया कि जनता को श्रीलंका जैसे माहौल का हवाला देकर दहशत पैदा करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा सरकार ने सत्ता से जाते समय प्रदेश पर 69,000 करोड़ रुपए का कर्जा छोड़ा है, जो पिछली कांग्रेस सरकारों से कम है। 

सत्ता में आते ही सीमैंट संयंत्रों पर लग गए ताले
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आते ही सीमैंट संयंत्रों पर ताले लटक गए। इस मामले को सुलझाने के लिए सही दिशा में प्रयास नहीं हो रहे हैं, जिससे हजारों लोगों के रोजगार पर संकट आ गया है। 

संस्थान डिनोटिफाई करने के खिलाफ शुरू किया हस्ताक्षर अभियान
रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा ने बुधवार से संस्थानों को डिनोटिफाई करने के खिलाफ 25 फरवरी तक हस्ताक्षर अभियान चलाया है। इसके बाद 25 फरवरी से 5 मार्च तक प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने विधानसभा क्षेत्र से संस्थानों को बंद करने के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत की है तथा सरकार के इस निर्णय के खिलाफ राज्यपाल को एसडीएम एवं उपायुक्त स्तर से ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay