BJP प्रत्याशी किशन कपूर के खाते में भी जुड़ेगा PM की मंडी रैली का खर्च

Thursday, May 16, 2019 - 02:08 PM (IST)

मंडी/धर्मशाला (ब्यूरो): कांगड़ा-चम्बा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर के चुनाव खर्च में मंडी में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का भी खर्च जुड़ेगा। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री की 10 मई को मंडी में हुई रैली में किशन कपूर भी शामिल हुए थे और उन्होंने मंडी सीट से भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा के साथ मिलकर मोदी को एक बड़ा हार भी पहनाया था। कपूर के रैली में शामिल होने के चलते निर्वाचन विभाग के व्यय पर्यवेक्षकों ने रैली का कुछ खर्च कपूर के खाते में जोड़ने की अनुशंसा की है। इस बारे में मंडी के जिला निर्वाचन अधिकारी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि मंडी में पी.एम. की रैली का खर्च भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर के प्रचार खर्च में भी जोड़ा जाएगा। 

चुनाव खर्च का आज होगा मिलान

कांगड़ा-चम्बा सीट से चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के खर्च का वीरवार को तीसरा व अंतिम मिलान किया जाएगा। इसे लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय में व्यय पर्यवेक्षकों की सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक होगी जिसमें प्रत्याशियों के शैडो रजिस्टर का निर्वाचन विभाग रजिस्टर से मिलान किया जाएगा।
 

Ekta