नड्डा से मिले जयराम ठाकुर, BJP अध्यक्ष की ताजपोशी पर हुई चर्चा

Tuesday, Dec 31, 2019 - 02:32 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद पर हाईकमान कभी भी मोहर लगा सकता है। सूत्रों के अनुसार इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की है और अपना पक्ष उनके समक्ष रखा है। इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री पहले ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय वित्त एवं कार्पोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से भी मंत्रणा कर चुके हैं, साथ ही भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक पहले ही कोर ग्रुप से इस विषय को लेकर बैठक कर चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए त्रिलोक जम्वाल का नाम प्रमुखता से आगे आ रहा है। इसके अलावा रणधीर शर्मा, डा. राजीव भारद्वाज, राम सिंह और वीरेंद्र कश्यप के नामों पर भी चर्चा हो चुकी है। इसी तरह यदि मंत्रियों से अध्यक्ष पद का चयन करने का निर्णय लिया गया, तो विक्रम सिंह, विपिन सिंह परमार और वीरेंद्र कंवर में से किसी एक के नाम पर मोहर लग सकती है। प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद शीघ्र मंत्रिमंडल विस्तार होने की संभावना है। इसको लेकर पहले ही मुख्यमंत्री पार्टी आलाकमान से चर्चा कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने सत्ता और संगठन दोनों विषयों पर जगत प्रकाश नड्डा से चर्चा की है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से धर्मशाला के तपोवन में ई-विधान अकादमी स्थापित करने का आग्रह किया है। उन्होंने नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात करके इस विषय को उठाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा पूर्ण रूप से ई-विधान प्रणाली के आधार पर कार्य कर रही है और हम सभी राज्यों के विधायकों को इस संबंध में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए धर्मशाला में ई-विधान अकादमी स्थापित करना चाहते हैं। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को प्रदेश की ई-विधान प्रणाली की कार्यप्रणाली देखने के लिए हिमाचल दौरे पर आमंत्रित किया।

ओम बिरला ने प्रदेश की इस पहल की सराहना की और आश्वासन दिया कि वह इस परियोजना के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे तथा शीघ्र ही राज्य का दौरा भी करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह और उप-आवासीय आयुक्त विवेक महाजन भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे।ाा और संगठन दोनों विषयों पर जगत प्रकाश नड्डा से चर्चा की है। 

kirti