साेशल मीडिया पर CM के खिलाफ अभद्र भाषा प्रयोग करने पर बिफरी BJP, पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत

Wednesday, May 26, 2021 - 05:41 PM (IST)

करसोग (धर्मवीर): करसोग में फेसबुक आईडी से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के खिलाफ प्रयोग की गई अभद्र भाषा पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने थाना करसोग में शिकायत की है। यहां थाना प्रभारी रंजन शर्मा को दी गई लिखित शिकायत में इस मामले की छानबीन कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। भाजपा का आरोप है कि कोई व्यक्ति फेक आईडी बनाकर मुख्यमंत्री के खिलाफ दुष्प्रचार कर उनकी छवि को खराब करने का प्रयास कर रहा है जोकि लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ है, ऐसे में पुलिस तुरंत कार्रवाई करते हुए दोषी व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई करे।

भाजपा कार्यसमिति के सदस्य युवराज कपूर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से फेसबुक आईडी से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस संबन्ध में थाना प्रभारी रंजन शर्मा को लिखित शिकायत की गई है, जिसमें थाना प्रभारी से इस मामले की छानबीन कर दोषी व्यक्ति पर उचित कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी ने भी इस विषय में तुरंत छानबीन शुरू कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

युवराज कपूर ने कहा कि सूत्राें से मालूम हुआ है कि किसी व्यक्ति ने फेक आईडी चलाई है़ जिसमें मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरीके से अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। लोकतंत्र में सबको विरोध जताने का अधिकार है लेकिन इसकी भी मर्यादा होनी चाहिए। वहीं डीएसपी करसोग का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे गुरबचन सिंह का कहना है कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

Content Writer

Vijay