केंद्रीय गृह मंत्री व मानव संसाधन विकास मंत्री से मिले डा. राजीव बिंदल

Friday, Feb 09, 2018 - 01:06 AM (IST)

शिमला: नई दिल्ली संसद भवन में संसदीय अध्ययन तथा प्रशिक्षण ब्यूरो द्वारा हिमाचल प्रदेश विधानसभा के नव निर्वाचित सदस्यों के लिए आयोजित 2 दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम में वीरवार को सभी नव निर्वाचित 23 सदस्यों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। 2 दिवसीय दिल्ली प्रवास पर विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने गत दिन केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह तथा मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से शिष्टाचार भेंट की जबकि गत सायं उन्होंने सभी नव निर्वाचित विधायकों के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से निर्माण भवन में मुलाकात की। 

पी.पी. चौधरी ने दी सदस्यों को विस्तृत जानकारी 
वीरवार सुबह 10.30 बजे प्रबोधन कार्यक्रम के दौरान विधि और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री और कार्पोरेटर कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री पी.पी. चौधरी ने अपने संबोधन में कानून कैसे बनाए जाते हैं, विषय पर सदस्यों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कानून बनाने की प्रक्रिया पर सदस्यों को सिलसिलेवार जानकारी उपलब्ध करवाई। इसके बाद 12.30 बजे लोकसभा सचिवालय के अतिरिक्त सचिव अतुल कौशिक ने सदस्यों को अध्यक्षीय शोध कदम बारे विस्तार से जानकारी दी। 

सभापति अनुराग सिंह ठाकुर के साथ विस्तार से की चर्चा 
इसके बाद दोपहर 1 बजे भोजन के दौरान सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति के सभापति अनुराग सिंह ठाकुर के साथ संसद और राज्य विधानमंडलों में प्रौद्योगिकी के उपयोग और अध्यक्षीय शोध कदम तथा शोध और सूचना सेवा के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा डा. राजीव बिंदल, सभी नव निर्वाचित सदस्यगण तथा सांसद रामस्वरूप भी मौजूद थे।