Bilaspur: चैहड़ में घास काट रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला, गंभीर जख्मी
punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2025 - 10:52 AM (IST)

बिलासपुर, (बंशीधर): बिलासपुर शहर के साथ लगती सीहड़ा पंचायत के तहत आने वाले चैहड़ में बुधवार सुबह गौशाला के पास घास काट रही महिला को तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार चैहड़ निवासी निर्मला देवी पत्नी प्रेम लाल अपनी गौशाला के पास घास काट रही थी। उस समय उसकी बहू भी साथ थी।
इस दौरान अचानक तेंदुए ने निर्मला देवी पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमला करने पर उसकी बहू ने शोर मचाया। उसका शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा तेंदुए को भगाया। तेंदुए के हमले से महिला के पेट में गहरी चोटें लगी हैं। परिजन महिला को उपचार के लिए एम्स में लेकर गए जहां पर उसका उपचार किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत सीहड़ा के पूर्व प्रधान रूपलाल ठाकुर ने बताया कि पंचायत के विभिन्न गांवों में तेंदुए की चहलकदमी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है। वहीं वन रक्षक बिनौला बीट अनु ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।