Bilaspur: चिट्टे सहित मंडी के 2 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 06:25 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की विशेष जांच टीम (एसडीटी) ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरा में आरटीओ बैरियर के समीप नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी से 38.24 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में मंडी जिले के रहने वाले 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार एसडीटी की टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरा में आरटीओ बैरियर के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ी से चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी में सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
आरोपियों की पहचान हितेश कुमार (33) निवासी रंधाड़ा, तहसील सदर, जिला मंडी तथा प्रवीण कुमार (34) निवासी त्रांबी, डाकघर खलाणू, तहसील कोटली, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालेगी, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा है कि नशे के कारोबार में संलिप्त तस्करों और सप्लायरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

