सरकार के Chief Whip बने बिक्रम सिंह जरयाल, कमलेश कुमारी Deputy Chief Whip नियुक्त

Friday, Jul 23, 2021 - 11:44 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): राज्य सरकार ने उपचुनावों की घोषणा से पहले मुख्य सचेतक व उप मुख्य सचेतक पद पर 2 विधायकों की नियुक्ति करने के अलावा निगम एवं बोर्ड में उपाध्यक्ष पदों पर 3 नियुक्तियां भी की हैं। इसके तहत भटियात से भाजपा विधायक विक्रम सिंह जरयाल अब सरकार के मुख्य सचेतक होंगे। वह दिवंगत भाजपा नेता नरेंद्र बरागटा का स्थान लेंगे, जिन्हें कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा दिया गया है। इसके अलावा भोरंज से भाजपा विधायक कमलेश कुमारी को उप मुख्य सचेतक बनाया गया है और उन्हें राज्यमंत्री के बराबर दर्जा दिया गया है।  विधानसभा के सचिव यशपाल शर्मा की तरफ से दोनों नियुक्तिों को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है।

राज्यमंत्री के समान मिलेंगी वेतन, भत्ते सहित अन्य सुविधाएं

मुख्य सचेतक पद पर बिक्रम सिंह जरयाल को कैबिनेट मंत्री और उप मुख्य सचेतक पद पर कमलेश कुमारी को राज्यमंत्री के समान वेतन, भत्ते एवं अन्य सुविधाएं मिलेंगी। इसमें आवासीय सुविधा, हवाई व रेलयात्रा जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में मुख्य सचेतक व उप मुख्य सचेतक की नियुक्तियों को लेकर विधेयक पारित किया गया। उसके बाद मुख्य सचेतक के पद पर तो नरेंद्र बरागटा को तैनाती दे दी गई थी जबकि उप मुख्य सचेतक पद पर किसी को नियुक्त नहीं किया गया था।

रश्मिधर सूद, ओम प्रकाश चौधरी व संजय गुलेरिया उपाध्यक्ष बनाए

इसके अलावा राज्य सरकार की तरफ से निगम-बोर्ड में 3 नियुक्तियां भी की गई हैं। इसमें हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद को पर्यटन विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष बनाया गया है। वह पर्यटन विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष बनने वाली प्रदेश की पहली महिला नेत्री होंगी। पूर्व कांग्रेस सरकार के समय इस पद पर पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया की नियुक्ति की गई थी। सरकार ने कांगड़ा जिला के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाले भाजपा नेता ओम प्रकाश चौधरी को पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम का उपाध्यक्ष भी मनोनीत किया है। फतेहपुर उपचुनाव में उम्मीदवार का चयन करने से पहले पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष के पद पर ओम प्रकाश चौधरी की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार ने संजय गुलेरिया को प्रदेश में राष्ट्रीय लघु बचत सलाहकार बोर्ड का उपाध्यक्ष मनोनीत किया है।

Content Writer

Vijay