बड़ी सफलता : पुलिस ने नाके पर नशे की खेप सहित दबोचा राहगीर

punjabkesari.in Monday, Dec 04, 2017 - 12:53 AM (IST)

चम्बा: जिला पुलिस ने एक व्यक्ति को नशे की खेप सहित रंगे हाथ दबोचने में सफलता हासिल की है।  जिला पुलिस प्रवक्ता जितेंद्र चौधरी ने बताया कि शनिवार की रात करीब पौने एक बजे जब खैरी पुलिस टीम ने लाल पुल पर नाका लगाया हुआ था तो अंधेरे में एक व्यक्ति पैदल चला आ रहा था। जैसे ही उसकी नजर पुलिस पर पड़ी तो उसने वहां से भागने का प्रयास किया। उसकी इस संदिग्ध हरकत को देखते हुए पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बलदेव सिंह पुत्र महाजन निवासी गांव चकोदर डांड तहसील सलूणी के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान बरामद हुई 400 ग्राम चरस  
पुलिस ने उसकी संदिग्ध हरकतों को देखते हुए जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से पुलिस को 400 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस का यह प्रयास रहेगा कि पुलिस रिमांड के दौरान इस मामले से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की जा सके। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News