Himachal: किन्नौर में आग की भेंट चढ़ा दोमंजिला मकान...जिंदा जले बेजुबान; 1 करोड़ से अधिक का नुक्सान

punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 05:43 PM (IST)

रिकांगपिओ (रिपन): किन्नौर जिले की ग्राम पंचायत सापनी के कनई गांव में एक भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। यहां एक दोमंजिला लकड़ी का मकान आग की चपेट में आ गया, जिससे 10 कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में एक करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के नुक्सान का अनुमान है। दुखद बात यह रही कि इस आग में एक गाय और एक बछड़ी जिंदा जल गईं।

जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम कनई गांव निवासी अनिल सिंह के मकान में अचानक आग भड़क गई। मकान लकड़ी का बना होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें उठती देख कनई, सापनी और बटूरी गांव के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। साथ ही इसकी सूचना अग्निशमन केंद्र सांगला को दी गई।

सूचना मिलते ही सांगला, रिकांगपिओ और जेएसडब्ल्यू की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई के चलते आग को फैलने से रोक लिया गया और पास ही स्थित एक नए मकान को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

इस घटना में पीड़ित परिवार का सब कुछ छिन गया है। मकान के 10 कमरों के साथ-साथ अंदर रखा सारा कीमती सामान और नकदी जलकर नष्ट हो गई। पशुधन के नुक्सान के अलावा घर में रखी फसल और लगभग 15 सेब के पौधों को भी आग ने झुलसा दिया है। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक इस घटना में 1 करोड़ रुपयेए से ज्यादा का नुक्सान हुआ है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सांगला के तहसीलदार हरदयाल सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 20 हजार रुपए की नकद आर्थिक सहायता और तिरपाल उपलब्ध करवाई गई है। फिलहाल, प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम नुक्सान का विस्तृत आकलन करने में जुटी हुई है ताकि परिवार को उचित मुआवजा मिल सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay