Himachal: सुक्खू सरकार का बेरोजगारों को बड़ा तोहफा, 476 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू; जानें आवेदन और वेतन की पूरी डिटेल
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 11:48 AM (IST)
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने राज्य के बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत प्रदान करते हुए सरकारी नौकरियों का रास्ता साफ कर दिया है। सरकार की तरफ से विभागों में करीब 476 पदों को भरने की मंजूरी मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने भर्ती प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है, जिससे सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं में उम्मीद की नई किरण जगी है।
इन प्रमुख पदों पर होगी भर्ती
राज्य चयन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न पोस्ट कोड के तहत भर्तियां की जाएंगी। पोस्ट कोड 26005 के तहत पंचायत सचिव (ट्रेनी) के 119 पद भरे जाएंगे। पोस्ट कोड 26008 के तहत स्वास्थ्य सेवा विभाग में ऑपरेशन थिएटर असिस्टैंट (ट्रेनी) के 145 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं पोस्ट कोड 26012 के अंतर्गत सीनियर लैब टेक्नीशियन (एमएलटी ग्रेड-2) के 10 पद भरे जाएंगे। पोस्ट कोड 26009 के तहत रेडियोग्राफर के कुल 10 पद अधिसूचित किए गए हैं, जिनमें से 5 पद स्वास्थ्य सेवा विभाग और 5 पद मेडिकल एजुकेशन विभाग में भरे जाएंगे। इसी तरह पोस्ट कोड 26007 के तहत फिजियोथैरेपिस्ट/मनोरोग सोशल वर्कर के 5 पद, पोस्ट कोड 26010 के तहत फार्मासिस्ट (फार्मेसी ऑफिसर) के 4 पद और पोस्ट कोड 26011 के अंतर्गत स्पीच थैरेपिस्ट के 3 पद भरे जाएंगे। इसके अतिरिक्त पोस्ट कोड 26006 के तहत मेडिकल सोशल वर्कर (रैगुलर) के 2 पद, पोस्ट कोड 26013 के तहत ऑडियोमेट्रिक टैक्नीशियन का 1 पद और पोस्ट कोड 26014 के अंतर्गत लिथो आर्टिस्ट (ट्रेनी) का 1 पद भरा जाएगा। इसके अलावा मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च डिपार्टमेंट में कुल 176 पदों पर भर्ती की जाएगी, जो विभिन्न श्रेणियों में विभाजित हैं।
कब और कैसे करें आवेदन
आयोग ने इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://hprca.hp.gov.in/homepage पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 10 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होगी और अंतिम तिथि 4 अप्रैल 2026 (रात 11:59 बजे तक) निर्धारित की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे।
वेतनमान और पद-वार मानदेय
चयनित उम्मीदवारों के लिए सरकार ने वेतनमान भी निर्धारित कर दिया है। पंचायती राज विभाग के तहत भरे जाने वाले पंचायत सचिव के119 पदों के लिए 12,500 रुपए प्रतिमाह का निश्चित मानदेय दिया जाएगा। इन पदों का बंटवारा बिलासपुर, चम्बा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहुल-स्पीति, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों के आधार पर श्रेणीवार किया गया है। इसके अलावा विभिन्न पदों के लिए 18,000 रुपए, 17,500 रुपए और 21,500 रुपए प्रतिमाह का निश्चित मानदेय तय किया गया है।
नियमित और प्रशिक्षु आधार पर नियुक्तियां
भर्ती प्रक्रिया में कुछ पद नियमित तो कुछ प्रशिक्षु आधार पर भरे जाएंगे। चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में चिकित्सा सामाजिक कार्यकर्ता के 2 पद नियमित वेतनमान पर भरे जाएंगे, जबकि मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता के 5 पद प्रशिक्षु (ट्रेनी) आधार पर भरे जाएंगे। राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। योग्यता और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी वैबसाइट पर उपलब्ध है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

