Hamirpur: पंचायत चुनाव से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, करियाने दुकान से पकड़ी अवैध शराब की बड़ी खेप

punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 06:35 PM (IST)

नादौन (जैन): हमीरपुर जिला में पंचायत चुनावों के मद्देनजर नादौन पुलिस ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। नशे और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने विशेष सतर्कता अभियान चलाया है, जिसके तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने नादौन क्षेत्र के एक गांव में करियाने दुकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।

पुलिस ने मौके से 31 पेटियां और 7 बोतलें देसी शराब तथा 5 पेटियां बीयर जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि पंचायत चुनावों के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें गांव-गांव जाकर निगरानी कर रही हैं और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं।

अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी पुलिस : गौरवजीत सिंह
इस मामले की पुष्टि करते हुए नादौन के पुलिस अधिकारी गौरवजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में लगातार सघन जांच अभियान जारी रखने का भरोसा दिलाया है। साथ ही, उन्होंने आम जनता से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को भी नशे या अवैध शराब की बिक्री की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News