Chamba: 434 श्रद्धालुओं ने पैदल और 64 ने हैली टैक्सी से की मणिमहेश यात्रा
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 07:13 PM (IST)
भरमौर (उत्तम ठाकुर): श्री मणिमहेश यात्रा के तहत वीरवार को भी श्रद्धालुओं का मणिमहेश धाम की ओर जाने का क्रम जारी रहा। उपमंडल अधिकारी (नागरिक) भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि वीरवार को यात्री पंजीकरण के आधार पर हड़सर से श्री मणिमहेश के लिए पैदल यात्रा मार्ग से 434 श्रद्धालु रवाना हुए। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हैली टैक्सी सेवा भी संचालित की जा रही है। वीरवार को भरमौर से गौरीकुंड के लिए हैली टैक्सी की 16 उड़ानें भरी गईं, जिनके माध्यम से भरमौर से गौरीकुंड के लिए 64 श्रद्धालुओं ने और गौरीकुंड से भरमौर के लिए 63 श्रद्धालुओं ने हवाई सेवा का लाभ उठाते हुए मणिमहेश यात्रा की।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखें, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग से ही मणिमहेश यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाया जा सकता है।
श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर मैडीकल कैंप स्थापित
बीएमओ भरमौर डॉ. दीपेश बराल ने बताया कि श्री मणिमहेश यात्रा के दृष्टिगत यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा मार्ग तथा प्रमुख पड़ावों पर मैडीकल कैंप स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए हड़सर, धन्छो, सुंदरासी, गौरीकुंड तथा डल झील में मैडीकल कैंप स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त भरमाणी मंदिर और कलाह में भी मैडीकल कैंप लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन मैडीकल कैंपों के माध्यम से यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

