Chamba: 2650 श्रद्धालु मणिमहेश व कैलाश दर्शन के लिए रवाना

punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 09:55 PM (IST)

भरमौर (उत्तम): श्री मणिमहेश यात्रा के तहत रविवार को भी पवित्र मणिमहेश धाम और कैलाश पर्वत के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के जाने का क्रम जारी रहा। उपमंडल अधिकारी (नागरिक) भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि रविवार शाम 6 बजे तक हड़सर से निर्धारित पैदल यात्रा मार्ग के माध्यम से करीब 2650 श्रद्धालु कैलाश दर्शन के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हैली टैक्सी सेवा भी संचालित की जा रही है।

 रविवार को भरमौर से गौरीकुंड के लिए हैली टैक्सी की 56 उड़ानें हुई। इनके माध्यम से 271 श्रद्धालुओं ने भरमौर से गौरीकुंड तथा करीब 268 श्रद्धालुओं ने गौरीकुंड से भरमौर के लिए हवाई सेवा का लाभ उठाया। एसडीएम ने बताया कि होली से मणिमहेश वाया कलाह पैदल यात्रा मार्ग से भी श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं। रविवार शाम 4 बजे तक इस मार्ग से 35 श्रद्धालु कैलाश दर्शन के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News