भगवंत मान व मनीष सिसोदिया आएंगे शिमला, हिमाचल की जनता को देंगे पहली बड़ी गारंटी

Tuesday, Aug 16, 2022 - 10:04 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने तैयारियां शुुुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह शिमला पहुंचेंगे। इस दौरान शिमला में एक निजी होटल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में दोनों नेता हिमाचल के लोगों को आम आदमी पार्टी की पहली गारंटी देंगे। इसके साथ ही आम जनता से दोनों नेता जनसंवाद भी करेंगे। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने मंगलवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता ने ये जानकारी दी।

भाजपा और कांग्रेस ने जनता को ठगने का काम किया
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को आज तक केवल ठगने का काम किया है। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि दोनों ही दलों ने आपस में 5-5 साल का फ्रैंडली मैच खेलते हुए जनता के साथ केवल राजनीति की है लेकिन अब आप ने प्रदेश में ईमानदारी की राजनीति की नई शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि जिन वायदों को आप ने दिल्ली और पंजाब में पूरा किया गया वहीं वायदे अब हिमाचल की जनता से होंगे। पहली गारंटी क्या होगी, इसका ऐलान भगवंत मान और मनीष सिसोदिया स्वयं करेंगे। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस ने जो भी वायदे प्रदेश की जनता से किए, वे सत्ता में आने के बाद पूरे नहीं किए गए। इसके विपरीत पंजाब के बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के किए गए वायदे के तहत आप ने बीते 15 अगस्त को 75 मोहल्ला क्लीनिक की सौगात दी है। इसके साथ ही 300 यूनिट फ्री बिजली का वायदा भी पूरा किया है। इसी कड़ी में अब प्रदेश की जनता को बुधवार को पहली गारंटी दी जाएगी, जिसे सत्ता में आने पर सबसे पहले पूरा किया जाएगा।

जनता का मिला रहा पूरा समर्थन
सुरजीत ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी को प्रदेश की जनता का पूरा समर्थन मिला है। साढ़े 6 लाख से अधिक लोग पार्टी के साथ जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसानों और बागवानों के जेल भरो आंदोलन में पार्टी कार्यकत्र्ता भी भाग लेंगे। न्याय की लड़ाई के लिए सड़कों पर भी उतरना पड़े तो इससे भी पीछे नहीं हटा जाएगा। 

आम आदमी पार्टी को नकार चुकी प्रदेश की जनता : करण नंदा
भाजपा के सह मीडिया प्रभारी करण नंदा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के बहकावे में प्रदेश की जनता नहीं आने वाली है। उन्होंने कहा कि आप को प्रदेश की जनता सिरे से नकार चुकी है। ऐसे में चाहे जिस नेता को प्रदेश में लाए, उससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। 

आम आदमी पार्टी का नहीं प्रदेश में कोई जनाधार : नरेश चौहान
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रदेश में कोई जनाधार नहीं है। उन्होंने कहा कि आप नेता केवल तथ्यहीन बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहे है, जिसका उसे कोई लाभ नहीं मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि आप के नेता प्रदेश के चाहे जितने भी दौरे पर कर लें, प्रदेश की जनता उनके झूठे प्रलोभनों में नहीं आने वाली है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay