शिमला में दशहरे पर बंगाली महिलाएं मना रहीं होली, देखें तस्वीरें

Tuesday, Oct 08, 2019 - 02:08 PM (IST)

शिमला (योगराज): पूरे देश में आज दशहरा उत्सव मनाया जा रहा है लेकिन शिमला में बंगाली महिलाएं होली मना रहीं हैं। दरअसल बंगाली समुदाय के लोगों का मानना है कि माता दुर्गा के नौ दिन मायके में रहने के बाद मंगलवार को ससुराल के लिए विदाई होगी। इसलिए बंगाली महिलाएं आज माता दुर्गा को दुल्हन की तरह सजा कर मायके से विदा करती हैं और खुद भी सज धजकर एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर खुशियां मना रही हैं।


शिमला कालीबाड़ी मंदिर में सुबह प्रतिमा दर्पण विसर्जन के कार्यक्रम के बाद सुहागिन महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पण किया और पति की लंबी उम्र की कामना की। बंगाली समुदाय की महिलाओं ने इस दौरान पारम्परिक नृत्य भी किया। दोपहर बाद तारादेवी में मां की मूर्तियों का विसर्जन होगा।


कालीबाड़ी मंदिर के सचिव कलोल प्रमाणिक ने बताया कि दुर्गा विसर्जन से पहले मां की विधि विधान से पूजा अर्चना की जाती है। दोपहर बाद मां दुर्गा, सरस्वती, गणेश, लक्ष्मी और कार्तिक की मूर्तियों को विसर्जन के लिए आईटीबीपी तालाब ले जाया जाएगा। नवमीं पर किए गए हवन के तिलक भी भक्तों को लगाए गए और पुष्प व प्रसाद भी भक्तों को बांटा गया।

Ekta