ब्यास में न करो मस्ती, जान नहीं है भाई सस्ती

Friday, Jun 28, 2019 - 10:52 AM (IST)

मंडी : जिला प्रशासन द्वारा ब्यास नदी के किनारों पर जाने के लिए प्रतिबंध तो लगा दिया गया है, लेकिन सैलानी प्रतिबंध के बावजूद अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में उतर रहे हैं और खूब सैल्फी ली जा रही हैं। बता दें कि अधिकतर सैलानी बाहरी राज्यों के होते हैं, जिसके चलते उन्हें नदी के बहाव के बारे में जानकारी नहीं होती, जिसके चलते वे नदी में जाकर अक्सर अठखेलियां व सैल्फी लेते हुए देखे जाते हैं।

बता दें कि आजकल पंडोह झील व पार्वती डैम से पानी भी छोड़ा जा रहा है, जिसके चलते कभी भी सैलानी पानी के बहाव में आ सकते हैं। मंडी शहर के ऐतिहासिक गुरुद्वारा गोबिंद सिंह के नीचे ब्यास नदी के तट पर अधिकतर सैलानी देखे जाते हैं, जो बेखौफ होकर नदी के किनारे सैल्फी लेते हैं। इसके अलावा चंडीगढ़-मनाली एन.एच. पर दवाड़ा के पास भी रोज सैलानी ब्यास किनारे पानी में मस्ती करने उतर रहे हैं, जिससे यहां कभी भी पानी छोड़े जाने से सैलानी बह सकते हैं।

kirti